रायपुर 22 नवंबर 2025/ ETrendingIndia / फेड एक्सपो 2025 शुभारंभ , मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के गोविन्दपुरा में फेड एक्सपो-2025 का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश उद्योग और व्यापार के लिए तेजी से पसंदीदा राज्य बन रहा है। ऐसे एक्सपो स्थानीय उद्योगों, स्टार्ट-अप्स और एमएसएमई को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
तीन दिवसीय एक्सपो में देश-विदेश के उद्योगपति शामिल हुए, जिनमें रूस, ओमान और ताइवान के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर “इपिक प्रोजेक्ट” लॉन्च किया, जिसके तहत 1000 इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित होंगे और 10 लाख रोजगार सृजित करने का लक्ष्य है।
डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में 5000 एकड़ जमीन उद्योगों के लिए दी गई है और निवेश प्रस्तावों पर तेजी से काम हो रहा है। करीब 6 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर जमीन स्तर पर काम शुरू हो चुका है। दो लाख करोड़ से अधिक की नई औद्योगिक इकाइयों के भूमिपूजन के लिए केंद्रीय गृहमंत्री को आमंत्रण दिया गया है।
उन्होंने कहा कि भोपाल और रूस के स्मोलेन्स्क शहर को ट्विन सिटी बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने विदेशी उद्यमियों से प्रदेश में निवेश बढ़ाने का आग्रह किया।
एक्सपो में उद्योगपतियों के स्टॉल, तकनीकी सत्र, बी2बी मीटिंग्स और निवेश चर्चा आयोजित की जाएंगी। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन से व्यापार विस्तार और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी.
