रायपुर, 9 दिसंबर 2025/ ETrendingIndia / जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन , छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल द्वारा जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 (संशोधित 2021) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 10 दिसंबर 2025 को दोपहर 2:30 बजे नवा रायपुर स्थित नवीन विश्राम गृह में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
इस कार्यक्रम में वित्त, वाणिज्य कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना एवं सांख्यिकी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मण्डल के सदस्य सचिव श्री राजु अगसिमनि ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में जैव चिकित्सा अपशिष्ट के वैज्ञानिक, सुरक्षित और जिम्मेदाराना प्रबंधन को बढ़ावा देना है।
कार्यशाला में केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री अनूप चतुर्वेदी और श्री यादवेन्द्र यादव, अधिवक्ता (सीपीसीबी, भोपाल) द्वारा अपशिष्टों के पृथक्करण, संग्रहण, भंडारण, परिवहन, उपचार और अंतिम निपटान की वैज्ञानिक प्रक्रिया पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों में अनुपालन को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक उपायों पर भी चर्चा होगी।
कार्यशाला में राज्य के प्रमुख अस्पतालों, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी लैब, डायग्नोस्टिक सेंटर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, नर्सिंग होम एसोसिएशन, चिकित्सा प्रकोष्ठ सहित विभिन्न स्थानीय निकायों के स्वास्थ्य अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।
