रायपुर 25 दिसम्बर 2025/ ETrendingIndia / सिंहस्थ 2028 तैयारी उज्जैन , मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा ने मेडिसिटी मेडिकल कॉलेज निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केन्द्रीय मंत्री श्री नड्डा ने शिप्रा नदी पर बन रहे घाटों का भी निरीक्षण किया। शांति पैलेस के पीछे स्थित दाऊद खेड़ी में निर्माणाधीन शिप्रा नदी घाटों को देखा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंहस्थ-2028 के लिए क्षिप्रा के दोनों और 29 किलोमीटर नए घाटों का निर्माण किया जा रहा है। इन घाटों के निर्माण के बाद 24 घंटे में 3 करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान पर्व पर स्नान कर सकेंगे।
भीड़ प्रबंधन के लिए घाटों का निर्माण किया जा रहा है। उज्जैन आने वाले सभी श्रद्धालुओं को क्षिप्रा स्नान की सुविधा भी प्राप्त होगी और शहर में ट्रैफिक मैनेजमेंट भी बेहतर होगा।
शिप्रा नदी के किनारों पर रोड का निर्माण कर इन सड़कों को सीधे हाईवे से जोड़ा जाएगा, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालु घाट तक आ सकेंगे और स्नान कर सकेंगे।
श्री नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में उज्जैन में सिंहस्थ के लिए जो काम चल रहे हैं, उनके पूर्ण होने पर उज्जैन का कायाकल्प हो जाएगा।
कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन भवन के विषय में बताया कि भवन की रूपरेखा इस प्रकार से बनाई गई है कि आगामी 2 साल में यह भवन बन कर तैयार हो जाएगा। उन्होने हॉस्टल और मेडिकल स्टॉफ के लिये बन रहे अन्य भवनों की भी जानकारी दी।
