रायपुर 4 जनवरी 2026 / ETrendingIndia / ICAR dedicates 184 new improved varieties of 25 crops to the nation / ICAR नई फसल किस्में , केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) द्वारा विकसित 25 फसलों की 184 उन्नत किस्मों को राष्ट्र को समर्पित किया।
यह कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित एनएएससी कॉम्प्लेक्स के ए.पी. शिंदे ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वर्ष 1969 से अब तक कुल 7205 फसल किस्मों को मंजूरी दी जा चुकी है, जिनमें से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में 3236 नई उच्च उत्पादक किस्में विकसित की गईं।
उन्होंने कहा कि ये नई किस्में अधिक उपज, बेहतर गुणवत्ता, पोषण- समृद्धि और सूखा, बाढ़, लवणीयता व रोग-कीट प्रतिरोध जैसे गुणों से युक्त हैं, जो जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में किसानों के लिए सहायक होंगी।
श्री चौहान ने कहा कि आईसीएआर, कृषि विश्वविद्यालयों और निजी बीज कंपनियों के संयुक्त शोध प्रयासों से बीज क्रांति को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि भारत ने चावल उत्पादन में चीन को पीछे छोड़ते हुए 150.18 मिलियन टन उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है और देश अब विश्व का ‘फूड बास्केट’ बनने की दिशा में अग्रसर है।
कार्यक्रम में अनाज, दलहन, तिलहन, चारा, कपास, गन्ना, जूट और तंबाकू सहित विभिन्न फसलों की किस्में जारी की गईं। इस अवसर पर राष्ट्रीय बीज निगम ने 33.26 करोड़ रुपये का लाभांश चेक भी केंद्रीय कृषि मंत्री को सौंपा।
