रायपुर 7 जनवरी 2026/ ETrendingIndia / National Textile Ministers’ Conference in Guwahati from tomorrow / राष्ट्रीय वस्त्र मंत्रियों सम्मेलन , गुवाहाटी में 8 जनवरी से दो दिवसीय राष्ट्रीय वस्त्र मंत्रियों का सम्मेलन 2026 आयोजित होगा। वस्त्र मंत्रालय द्वारा असम सरकार के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन की थीम “भारत का वस्त्र उद्योग: विकास, विरासत और नवाचार का संगम” रखी गई है।
सम्मेलन का उद्देश्य 2030 तक भारत को वैश्विक वस्त्र विनिर्माण हब बनाने की दिशा में नीति, निवेश और नवाचार पर ठोस रणनीति तैयार करना है।
उद्घाटन सत्र में केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा, वस्त्र राज्य मंत्री श्री पबित्रा मार्गेरिटा सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
इस अवसर पर भारत की वस्त्र शक्ति, तकनीकी नवाचार और समृद्ध परंपरा को दर्शाने वाली प्रदर्शनी और पवेलियन का भी उद्घाटन किया जाएगा।
सम्मेलन में निवेश और अवसंरचना, निर्यात विस्तार, कच्चा माल और रेशे, टेक्निकल टेक्सटाइल, नई पीढ़ी के फाइबर, हथकरघा और हस्तशिल्प जैसे विषयों पर मंथन होगा।
पीएम मित्रा पार्क, स्थिरता, पर्यावरण अनुपालन और एकीकृत मूल्य-श्रृंखला विकास पर विशेष ध्यान रहेगा।
इसके साथ ही 8 जनवरी को उत्तर-पूर्वी भारत के वस्त्र क्षेत्र पर विशेष सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें रेशम, हथकरघा, हस्तशिल्प और बांस आधारित वस्त्रों की संभावनाओं, महिला उद्यमिता, ब्रांडिंग और बाजार पहुंच पर चर्चा होगी।
यह सम्मेलन केंद्र–राज्य सहयोग को मजबूत कर एक प्रतिस्पर्धी, टिकाऊ और समावेशी वस्त्र क्षेत्र के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करेगा।
