रायपुर, 31 जनवरी 2026/ ETrendingIndia / A special agricultural policy will be formulated in accordance with Chhattisgarh’s agro-climatic conditions: Union Minister Shivraj Singh Chouhan / छत्तीसगढ़ विशेष कृषि नीति , केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि छत्तीसगढ़ को कृषि के क्षेत्र में और अधिक मजबूत व आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विशेष नीति तैयार करेंगी।
उन्होंने बताया कि अगले एक सप्ताह में केंद्रीय कृषि वैज्ञानिकों और राज्य सरकार के अधिकारियों की टीम छत्तीसगढ़ की जलवायु के अनुसार कृषि नीति का प्रारूप बनाएगी।
महानदी भवन में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए श्री चौहान ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए फसल विविधीकरण जरूरी है। पतला और सुगंधित धान, दलहन- तिलहन, बागवानी फसलों के साथ पशुपालन, मत्स्यपालन और वानिकी जैसी सहायक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कृषि अनुसंधान को किसानों से सीधे जोड़ा जाएगा ताकि नई किस्मों और तकनीकों का वास्तविक लाभ खेतों तक पहुंचे। उन्होंने एफपीओ को मजबूत करने, कृषि यंत्रों के सही वितरण और प्रधानमंत्री धन-धान्य जिला योजना की भी समीक्षा की।
श्री चौहान ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि, सिंचाई योजनाएं, बागवानी मिशन, दालों में आत्मनिर्भरता अभियान सहित सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने पॉम ऑयल और मखाना की खेती को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इन प्रयासों से छत्तीसगढ़ के कृषि और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
