More village More Pani campaign
More village More Pani campaign
Share This Article

रायपुर, 13 मार्च 2026/ ETrendingIndia / Chhattisgarh: More village More Pani campaign, hundreds of contour trench built on barren mountain / मोर गांव मोर पानी अभियान , मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शुरू किए गए मोर गांव मोर पानी महाभियान के तहत जल संरक्षण को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता तेजी से बढ़ रही है।

इसी कड़ी में एमसीबी जिले की ग्राम पंचायत लोहारी में बंजर पहाड़ पर सैकड़ों कंटूर ट्रेंच बनाकर वर्षा जल संचयन की सराहनीय पहल की गई है।

इन संरचनाओं के माध्यम से आगामी वर्षा ऋतु में लगभग 20 लाख लीटर वर्षा जल को भूमिगत करने में मदद मिलेगी, जिससे भूजल स्तर बढऩे के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मनरेगा योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़ के ग्राम लोहारी में एक बड़े खाली पहाड़ी क्षेत्र का चयन किया गया।

क्षेत्र की मिट्टी और ढलान का तकनीकी आंकलन करने के बाद यहां बड़े पैमाने पर कंटूर ट्रेंच निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया। ग्रामसभा की अनुशंसा के आधार पर इस कार्य को 1 लाख 80 हजार रुपये की लागत से स्वीकृति प्रदान की गई।

ग्रामीणों का उत्साह

ग्राम पंचायत लोहारी के सरपंच मोती सिंह ने बताया कि ग्रामीणों और श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक कार्य में भाग लिया और तकनीकी सहायक मुकुल के मार्गदर्शन में लगभग सवा हेक्टेयर क्षेत्र में कुल 460 कंटूर ट्रेंच का निर्माण पूरा किया गया।

क्षेत्र में औसतन प्रतिवर्ष लगभग 1000 मिलीमीटर वर्षा होती है, जिसके आधार पर पूरे निर्माण क्षेत्र में होने वाली वर्षा से प्राप्त जल को संरक्षित कर भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

जिला पंचायत एमसीबी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकिता सोम ने बताया कि कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के मार्गदर्शन में जिले में वर्षा जल संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में बड़ी संख्या में किसानों के खेतों में आजीविका डबरी बनाई जा रही हैं तथा बंजर भूमि पर हजारों की संख्या में कंटूर ट्रेंच सहित अन्य जल संरचनाएं स्वीकृत की गई हैं, ताकि बारिश की हर बूंद को संरक्षित किया जा सके और जल संकट से निपटा जा सके।