Share This Article रायपुर 14 march 2026/ ETrendingIndia / देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने हवाई सफर करने वालों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने अपनी सभी डोमेस्टिक और इंटरनेशनल फ्लाइट्स की टिकट कीमतों में भारी बढ़ोतरी की घोषणा कर दी है। विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में आए तेज उछाल के कारण एयरलाइन ने किराये में यह बड़ा इजाफा किया है। इंडिगो ने अब यात्रियों पर ‘फ्यूल चार्ज’ के रूप में 425 रुपये से लेकर 2300 रुपये तक का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। टिकट की ये नई और बढ़ी हुई कीमतें आज यानी 14 मार्च 2026 से ही लागू हो गई हैं। नई बुकिंग पर आज से ही देना होगा ‘फ्यूल चार्ज’ एयरलाइन द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार, मध्य-पूर्व में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव के चलते ईंधन की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। आईएटीए (IATA) के ‘जेट फ्यूल मॉनिटर’ की रिपोर्ट बताती है कि इस क्षेत्र में ईंधन की कीमतों में 85 प्रतिशत से ज्यादा का भयंकर उछाल आया है। एविएशन टर्बाइन फ्यूल किसी भी एयरलाइन के ऑपरेटिंग खर्च का सबसे बड़ा हिस्सा होता है। इंडिगो का कहना है कि खर्चों के इस भारी दबाव को कम करने के लिए किराये में बदलाव करना बेहद जरूरी हो गया था। हालांकि, ग्राहकों की जेब का ध्यान रखते हुए इसे ‘फ्यूल चार्ज’ के नाम पर अपेक्षाकृत कम ही रखा गया है। यह नया नियम 14 मार्च 2026 की रात 12:01 बजे से होने वाली सभी नई टिकट बुकिंग पर लागू कर दिया गया है। जानिए किस रूट की फ्लाइट के लिए कटेंगे कितने पैसे इस बढ़ोतरी के बाद अब यात्रियों को अपनी मंजिल के हिसाब से अलग-अलग चार्ज देना होगा। इंडिगो ने भारत के भीतर सफर करने वाली सभी डोमेस्टिक फ्लाइट्स के लिए 425 रुपये का फ्यूल चार्ज तय किया है। इसके अलावा भारतीय उपमहाद्वीप के देशों जैसे बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और मालदीव जाने वाले यात्रियों से भी 425 रुपये ही वसूले जाएंगे। अगर आप मिडल-ईस्ट के देशों की यात्रा कर रहे हैं, तो आपको 900 रुपये का अतिरिक्त भुगतान करना होगा। वहीं, दक्षिण पूर्व एशिया, चीन, अफ्रीका और पश्चिमी एशियाई देशों की फ्लाइट्स के लिए यह चार्ज 1800 रुपये तय किया गया है। यूरोपीय देशों का सफर करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा 2300 रुपये का फ्यूल चार्ज अपनी जेब से चुकाना होगा। Share This Article Post navigation ईको-पर्यटन को बढ़ावा : धमनी में शुरू हुई नौका विहार सुविधा छत्तीसगढ़ के पर्यटन को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल : देशभर के टूर ऑपरेटरों ने देखी छत्तीसगढ़ की अनोखी झलक, प्राकृतिक सौंदर्य, संस्कृति और आतिथ्य की सराहना