Mamata Banerjee
Mamata Banerjee
Share This Article

रायपुर 13 अप्रैल 2026/ ETrendingIndia / Will go to Delhi only after overthrowing BJP: Mamata Banerjee slams Centre from Asansol rally / ममता बनर्जी आसनसोल रैली , पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियों के बीच तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने रविवार को आसनसोल में एक जनसभा के दौरान केंद्र की भाजपा लीडरशिप पर तीखे शब्दों में कड़ा प्रहार किया. उन्होंने बेहद तंज भरे लहजे में कहा, अगर आप दिल्ली का लड्डू खाएंगे, तो पछताएंगे! हम यहां लड्डू नहीं बनाते, हम नारू (नारियल से बनी गोल आकार की बंगाली मिठाई) बनाते हैं! एक बार जब हम जीत जाएंगे, तो मैं बंगाल से सीधे दिल्ली के लिए नारू के चार मटके भेजूंगी!

मुख्यमंत्री ने यह बातें आसनसोल उत्तर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों से तृणमूल उम्मीदवारों- मलय घटक और तापस बनर्जी के समर्थन में अड्डा मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं. मंच पर जिले के कई उम्मीदवार और वरिष्ठ नेता मौजूद थे.

रैली के मंच से ममता बनर्जी ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ललकारा. उन्होंने सख्त लहजे में कहा, हमें डराने-धमकाने की कोशिश करने का कोई फायदा नहीं है. अगर आपमें हिम्मत है, तो आगे आएं और हमसे आमने-सामने मुकाबला करें. इसका बदला लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए लिया जाएगा. मैं भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के बाद ही दिल्ली में कदम रखूंगी.

ममता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी चुटकी लेने में कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा, लो आ गए मोटा भाई- अपने साथ सीधे ईडी और सीबीआई को लेकर!

ममता बनर्जी ने वोटर लिस्ट में हो रही कथित गड़बडिय़ों को लेकर बेहद गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया, नामों को बहुत ही योजनाबद्ध और चालाकी से काटा जा रहा है. मैंने 32 लाख नामों को वापस जुड़वाने के लिए बहुत संघर्ष किया. अभी भी 90 लाख नाम ऐसे हैं जिन्हें वापस जोड़ा जाना बाकी है- जिनमें 60 लाख हिंदू और 30 लाख मुसलमान हैं.

एनआरसी के मुद्दे पर भी उनका संदेश काफी कड़ा था. उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा, मैं किसी भी हाल में बंगाल में एनआरसी लागू नहीं होने दूंगी. भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए ममता ने कहा, वे सोनार बांग्ला (सोने का बंगाल) बनाने की बात करते हैं, और दूसरी तरफ बंगाल के ही अपने लोगों के नाम लिस्ट से काट रहे हैं. भाजपा बंगाल में पूरी तरह से बुजदिली दिखा रही है.

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूर्व बर्धमान के खंडघोष से हाल ही में, अभिनेता कंचन मल्लिक की पत्नी और अभिनेत्री श्रीमयी चट्टोराज के साथ नाका चेकिंग के दौरान कथित बदसलूकी मामले का हवाला देते हुए कहा, महिलाओं के प्रति ऐसा अनादर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने आगे कहा, कुछ दिनों पहले, मेरे खुद के निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर की एक बुजुर्ग महिला-जो एक बेहद संपन्न परिवार से आती हैं, उन्हें भी तब परेशान किया गया जब जांच के लिए उनकी गाड़ी खोली गई. उन्हें निश्चित रूप से किसी गाड़ी को खोलकर जांच करने का पूरा हक है. लेकिन वे इस्तेमाल होने वाले निजी सामानों को टटोलने के लिए किसी महिला का बैग क्यों खोल रहे हैं? क्या वे उनकी लिपस्टिक लगाने वाले हैं? या शायद उनके फेशियल प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने वाले हैं? क्या उन्हें जरा भी शर्म नहीं आती?

तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार नबीन चंद्र बाग के समर्थन में रविवार को लोधना फुटबॉल ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता ने मौजूद महिलाओं को संदेश दिया-मैं इसी मिट्टी से ऐलान करती हूं: यदि वे चुनाव के दिन आपको रोकने की कोशिश करते हैं-जैसे भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने से पहले रास्ते को सोने की झाड़ू से बुहारा (साफ किया) जाता है-आप सभी भी अपना रास्ता साफ करने के लिए एक-एक झाड़ू अपने पास तैयार रखें. अपना रास्ता झाड़ू से साफ करते हुए जाएं, अपना वोट डालें और फिर घर लौट आएं.

ममता बनर्जी ने लोगों से आगाह किया कि वोटिंग मशीनों को लेकर बेहद सतर्क रहें. पूरी समझदारी और होशियारी से काम लें. मैंने सुना है कि उनका ऑपरेशन आज रात ठीक 12 बजे से शुरू होने वाला है. हमारे पास भी खुफिया जानकारियां आती हैं. इसके बावजूद, जीत हमारी ही होगी.

चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल के किसानों की दुर्दशा का मुद्दा उठाया था और तृणमूल सरकार की तीखी आलोचना की थी. किसान समुदाय के प्रति एकजुटता दिखाते हुए उन्होंने दावा किया था कि आज बंगाल में आलू और धान उगाने वाले किसानों को उनकी फसलों की सही कीमत नहीं मिल पा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है.