रायपुर, 29 मई 2026/ ETrendingIndia / Dharmaram Good Governance Camp: 400 villagers get forest rights letter / वनाधिकार पत्र वितरण , बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड के ग्राम पंचायत धर्माराम में सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और विश्वास का बड़ा केंद्र बनकर आया है.
शिविर में 400 ग्रामीणों को वनाधिकार पत्र वितरित किए गए। वनाधिकार पत्र मिलते ही हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुश्री पूर्णिमा तेलम, पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर चंद्राकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। आसपास की 10 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे और अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के सामने रखीं।
19 विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी
शिविर में 19 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई । अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समयबद्ध निराकरण का भरोसा दिलाया।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। 8 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और 7 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए। दिव्यांग हितग्राहियों में 2 को श्रवण यंत्र, 4 वॉकिंग स्टिक और 1 बैसाखी वितरित की गई। वहीं एसबीआई आरसेटी द्वारा 10 युवाओं को राजमिस्त्री प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
वनाधिकार पत्र से बढ़ा भरोसा
शिविर का सबसे महत्वपूर्ण क्षण 400 ग्रामीणों को वनाधिकार पत्र वितरण रहा। हितग्राहियों ने कहा कि वर्षों से प्रतीक्षित अधिकार मिलने से उनके जीवन में स्थायित्व और आत्मविश्वास बढ़ा है.
