रायपुर, 02 जून 2026/ Chhattisgarh Tourism: Homestay Business in Bastar Set for a Major Boost! Government to Provide Training, Loans, and Opportunities for Tourism-Based Income
Chhattisgarh Tourism : छत्तीसगढ़ सरकार की होमस्टे नीति 2025-30 के तहत बस्तर में पर्यटन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। जगदलपुर में आयोजित विशेष बैठक में होमस्टे शुरू करने के इच्छुक हितग्राहियों को व्यवसाय संचालन, बैंक ऋण, मार्केटिंग और पर्यटन संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

यह बैठक छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पर्यटन सूचना केंद्र जगदलपुर द्वारा जिला पंचायत बस्तर के सहयोग से आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय हितग्राहियों ने हिस्सा लिया।
बस्तर में सामुदायिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
बैठक का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को होमस्टे व्यवसाय के लिए जागरूक करना और उन्हें पर्यटन आधारित स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना था। अधिकारियों ने बताया कि बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरें पर्यटन के लिए बेहद आकर्षक हैं, जिससे होमस्टे व्यवसाय में अपार संभावनाएं हैं।
हितग्राहियों को दी गई खास ट्रेनिंग
कार्यक्रम में होमस्टे संचालन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। इसमें पर्यटकों के स्वागत और आतिथ्य प्रबंधन, स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पालन, डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन प्रचार-प्रसार जैसे विषय शामिल रहे। साथ ही हितग्राहियों को छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30 के नियम, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
बैंक देगा लोन, सरकार करेगी सहयोग
बैठक में मौजूद छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के अधिकारियों ने हितग्राहियों को ऋण सुविधा, ब्याज अनुदान और बैंकिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शासन और बैंक के सहयोग से लोग आसानी से अपना होमस्टे व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।
स्थानीय लोगों की बढ़ेगी आय
जिला पंचायत बस्तर के सहायक परियोजना अधिकारी तपन डे ने कहा कि होमस्टे योजना से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उनकी आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने पर्यटकों को बेहतर सेवाएं देने पर जोर दिया ताकि बस्तर को राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन हब के रूप में पहचान मिल सके।
