रायपुर 4 जून 2026/ ETrendingIndia /”Environment: Special cleanliness drive conducted from Bus Stand to Jail Road under the ‘Dust Free Roads’ campaign” डस्ट फ्री रोड्स अभियान – नगर परिषद ,सिरसा द्वारा शहर को स्वच्छ एवं धूल-मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान डस्ट फ्री रोड्स कैंपेन के तहत बुधवार को बस स्टैंड से जेल रोड तक व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे जमा धूल, मिट्टी एवं कचरे को हटाकर सड़कों की विशेष सफाई की गई।
यह विशेष अभियान 1 जून से 6 जून तक नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न प्रमुख सड़कों पर संचालित किया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य मानसून से पूर्व सड़कों पर जमी धूल एवं मिट्टी को हटाकर नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध करवाना है।
नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी (ईओ) सुमन लता ने बताया कि बुधवार को बस स्टैंड से जेल रोड तक सफाई कर्मचारियों ने मशीनों एवं अन्य उपकरणों की सहायता से सड़क किनारों पर जमा धूल-मिट्टी को हटाया।
उन्होंने बताया कि सड़क किनारों पर जमा धूल न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करती है, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे सड़कों पर मिट्टी, रेत, बजरी तथा निर्माण सामग्री न डालें और नगर परिषद के स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना किसी भी स्वच्छता अभियान को पूर्ण सफलता नहीं मिल सकती। सभी नागरिकों के सहयोग से ही सिरसा को स्वच्छ, सुंदर और धूल-मुक्त शहर बनाया जा सकता है।
