बलौदाबाजार, 23 जून 2026/ Lightning Strike: Lightning wreaks havoc in Baloda Bazar! Cows were standing under a tree to shelter from the rain when lightning struck; 10 animals died on the spot.
Lightning Strike : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल विकासखंड अंतर्गत नागेड़ी ग्राम पंचायत में सोमवार को आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचा दी। तेज बारिश और गरज-चमक के बीच खेत में चर रही 10 गायें बिजली की चपेट में आ गईं, जिससे सभी की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़ी थीं गायें
ग्रामीणों के मुताबिक, दोपहर के समय अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए गायें खेत में स्थित एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ी हो गईं। इसी दौरान जोरदार गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और सभी गायें उसकी चपेट में आ गईं। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को उन्हें बचाने का मौका तक नहीं मिला।
पशुपालकों को लाखों का नुकसान
एक साथ 10 गायों की मौत से संबंधित पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन ही कई परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। ऐसे में यह हादसा उनके लिए किसी बड़े आर्थिक संकट से कम नहीं है।
ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
घटना के बाद प्रभावित पशुपालकों और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण हुए इस नुकसान की भरपाई के लिए सरकार को जल्द राहत राशि जारी करनी चाहिए।
