Iran-US Relations: US plans expenditure of Iran's frozen assets... US crops to be purchased.
Iran-US Relations
Share This Article

रायपुर,26 जून 2026/ Iran-US Relations: US plans expenditure of Iran’s frozen assets… US crops to be purchased.

Iran US Relations : अमेरिका और ईरान में अंतिम समझौते पर जारी बातचीत के बीच अमेरिकी प्रशासन ने ईरान की फ्रीज की गई 12 अरब डॉलर (लगभग 1.13 लाख करोड़ रुपये) की राशि की एक खर्च योजना तैयार की है।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत जब्त किए गए ईरान के विदेशी फंडों का उपयोग अब गेहूं, सोयाबीन और मक्का जैसे अमेरिकी कृषि उत्पादों को खरीदने के लिए किया जाएगा, जिनकी आपूर्ति ईरान को की जाएगी।

व्हाइट हाउस में कृषि संबंधी कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए ट्रंप ने कहा, हम किसानों के लिए बाजार खोल रहे हैं। हमारे पास एक और नया बाजार उभर रहा है और वह है ईरान का प्यारा देश।

क्या कोई वहां जाना चाहेगा? ईरान में खाने-पीने की चीजों की भारी कमी है और हम उनके पैसे का कुछ हिस्सा लेकर गेहूं, सोयाबीन और मक्का बड़ी मात्रा में खरीदेंगे। यह प्रक्रिया बहुत जल्द शुरू होने वाली है। यह काफी बड़ी होगी।

अमेरिका और ईरान के बीच सोमवार को स्विट्जरलैंड में शांति वार्ता का पहला दौर आयोजित किया गया। समझौते में कुछ शर्तों के अधीन ईरान की फ्रीज की गई 12 अरब डॉलर की संपत्ति जारी करने की परिकल्पना की गई है।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने कहा कि अगर संपत्तियों को अनफ्रीज कर दिया गया, तो ईरान उनका इस्तेमाल अमेरिकी किसानों को अमीर बनाने और ईरानी लोगों को भोजन कराने के लिए करेगा।

वेंस के बयान के बाद ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा था, अमेरिकी राजकोष द्वारा जारी धनराशि एस्क्रो खाते में जमा की जाएगी, जिसका नियंत्रण अमेरिका के पास होगा।

इस संपत्ति का उपयोग केवल अमेरिका से खाद्य और चिकित्सा सामग्री की खरीद के लिए किया जाएगा, जिसमें अमेरिकी किसानों से मक्का, गेहूं और सोयाबीन की खरीद शामिल हैं। ईरान को इन चीजों की सख्त जरूरत है। यह एक मानवीय संकट है और ईरान को मदद की आवश्यकता है।

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने कहा कि संपत्ति जारी कर दी जाएगी और ईरान द्वारा राष्ट्र की आवश्यकता के अनुसार किसी भी सामान या वस्तु की खरीद के लिए पूर्ण स्वतंत्रता के साथ इसका उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि कृषि संबंधी कोई भी खरीद कीमत और गुणवत्ता के आधार पर होगी, न कि अमेरिका द्वारा निर्धारित शर्तों पर। ईरान उन संपत्तियों के खर्च का निर्णय करने के लिए स्वतंत्र है।