Share This Article

रायपुर, 27 जून 2026/ ETrendingIndia / “Raipur: QR codes to be installed in auto and e-rickshaws… World record created by registering 15,047 vehicles in 15 days” राजधानी रायपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में पुलिस कमिश्नरेट ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब शहर में चलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाया जाएगा, जिससे यात्री वाहन और चालक की पूरी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

शनिवार को यातायात कार्यालय परिसर कालीबाड़ी में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने ऑटो और ई-रिक्शा वाहनों में क्यूआर कोड चस्पा करने के दूसरे चरण का शुभारंभ किया।

प्रथम चरण के तहत 20 मई 2026 से ऑटो और ई-रिक्शा वाहनों का डिजिटल पंजीयन अभियान शुरू किया गया था। आटो यूनियन, चालकों और यातायात पुलिस के समन्वित प्रयास से महज 15 दिनों में 15,047 ऑटो और ई-रिक्शा का पंजीयन पूरा किया गया, जिसके चलते रायपुर जिला ने गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉड्र्स में अपना नाम दर्ज कराया है।

इसके लिए पुलिस अधिकारियों को गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉड्र्स की टीम ने प्रमाण पत्र और मेडल भी प्रदान किए।

पुलिस ने बताया कि अब सभी पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाया जाएगा। यात्री गूगल कैमरे से क्यूआर कोड स्कैन कर चालक और वाहन की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और किसी सामान के वाहन में छूट जाने की स्थिति में वाहन चालक से संपर्क करना भी आसान होगा।

नागरिकों से अपील – केवल क्यूआर कोड लगे ऑटो और ई-रिक्शा का ही उपयोग करें

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल क्यूआर कोड लगे ऑटो और ई-रिक्शा का ही उपयोग करें, ताकि सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर यातायात, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार की गई शॉर्ट फिल्मों की स्क्रीनिंग भी की गई।

इन फिल्मों का प्रसारण सोशल मीडिया, एलईडी स्क्रीन, मॉल और पीवीआर के माध्यम से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सुरक्षा संबंधी संदेश पहुंच सके।