Google Boy
Share This Article

रायपुर, 28 जून 2026/ Google Boy: A major initiative by Chhattisgarh’s ‘Google Boy’ Rudra Sharma! He has launched the ‘Unnati Dahar Nishulk Vidya Mandir’ for underprivileged students; free coaching for CGPSC and UPSC exams will also be provided.

Google Boy : छत्तीसगढ़ के ‘गूगल बॉय’ के नाम से प्रसिद्ध रुद्र शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक और समाजहितैषी पहल की शुरुआत की है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर और सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए ‘उन्नति डहर निशुल्क विद्या मंदिर’ की स्थापना का ऐलान किया है। इस पहल के तहत विद्यार्थियों को 9वीं से 12वीं तक की निशुल्क कोचिंग के साथ-साथ CGPSC, UPSC, व्यापम और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की भी मुफ्त तैयारी कराई जाएगी।

गरीब छात्रों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

रुद्र शर्मा का कहना है कि देश में ऐसे हजारों प्रतिभाशाली विद्यार्थी हैं, जो आर्थिक तंगी के कारण महंगे कोचिंग संस्थानों में प्रवेश नहीं ले पाते। ऐसे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने इस सामाजिक अभियान की शुरुआत की है।

उन्होंने कहा कि ‘पढ़ाई के लिए पैसों की नहीं, बल्कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन की जरूरत होती है। यदि अवसर मिले तो हर बच्चा सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।’

मां से मिली समाजसेवा की प्रेरणा

रुद्र शर्मा बताते हैं कि इस पहल की प्रेरणा उन्हें अपनी माताजी से मिली, जो वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क शिक्षा देती आ रही हैं। अपनी मां के सेवा भाव और समर्पण से प्रेरित होकर उन्होंने भी शिक्षा के माध्यम से समाज में बदलाव लाने का संकल्प लिया।

घर से ही चलेगा निशुल्क विद्या मंदिर

‘उन्नति डहर निशुल्क विद्या मंदिर’ का संचालन रुद्र शर्मा अपने निजी निवास से करेंगे। यहां जरूरतमंद और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बिना किसी शुल्क के पढ़ाया जाएगा, ताकि आर्थिक अभाव उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।

संघर्ष देख लिया बड़ा फैसला

रुद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने कई गरीब विद्यार्थियों को अपनी फीस भरने के लिए सुबह अखबार बांटते, मजदूरी करते और छोटे-मोटे काम करते देखा है। इन संघर्षों ने उन्हें झकझोर दिया और उन्होंने तय किया कि किसी भी बच्चे की शिक्षा सिर्फ पैसों की कमी के कारण अधूरी नहीं रहनी चाहिए।

इन विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

  • कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी
  • सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राएं
  • आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे
  • CGPSC, UPSC, व्यापम एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी

कैसे जुड़ें इस अभियान से?

यदि आप या आपके आसपास कोई जरूरतमंद विद्यार्थी इस निशुल्क शिक्षा अभियान का लाभ लेना चाहता है या इस सामाजिक पहल से जुड़ना चाहता है, तो 73898 60984 पर संपर्क कर सकता है।

रुद्र शर्मा का संदेश

‘हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार है। आर्थिक कमजोरी किसी भी छात्र के सपनों की सबसे बड़ी बाधा नहीं बननी चाहिए। आइए, मिलकर शिक्षा का दीप जलाएं और हर जरूरतमंद बच्चे को सफलता की नई उड़ान दें।’