बिलासपुर, 28 जून 2026/ Bilaspur Sewerage Project: Deputy CM Arun Sao set out on a scooter…! He made a surprise inspection of development works and reprimanded officials over the delays.
Sewerage Project Bilaspur : छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव रविवार को बिलासपुर दौरे के दौरान बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने सरकारी काफिले की बजाय स्कूटी से शहर और आसपास के इलाकों का दौरा कर निर्माणाधीन विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई परियोजनाओं की धीमी रफ्तार पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तय समय-सीमा में काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
सीवरेज परियोजना का लिया जायजा
डिप्टी सीएम अरुण साव ने निर्माणाधीन अटल पथ, राम सेतु और सीवरेज परियोजना का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, अब तक हुए कार्य और देरी के कारणों की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन योजनाओं की समय-सीमा तय की जा चुकी है, उन्हें हर हाल में समय पर पूरा किया जाए ताकि आम जनता को जल्द बेहतर सड़क, यातायात और बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं होगा
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार की प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य हैं। किसी भी परियोजना में लापरवाही या घटिया निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्माण एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों से भी की बातचीत
दौरे के दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और बिलासपुर महापौर पूजा विधानी भी उनके साथ मौजूद रहीं। तीनों जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
