रायपुर, 30 जून 2026/ Guo Wengui: Chinese billionaire businessman…! Guo Wengui sentenced to 30 years in the US.
Guo Wengu : अमेरिका में चीन के कारोबारी गुओ वेंगुई को बड़े वित्तीय घोटाले के मामले में 30 साल जेल की सजा सुनाई गई है।
न्यूयॉर्क की अदालत ने उन्हें करीब 1 अरब डॉलर (लगभग 95 अरब रुपये) की धोखाधड़ी करने का दोषी माना।
गुओ कभी चीन के सबसे अमीर कारोबारियों में गिने जाते थे और वर्ष 2017 में चीन छोड़कर अमेरिका चले गए थे। वहां उन्होंने खुद को चीन की कम्युनिस्ट सरकार का आलोचक बताते हुए बड़ी ऑनलाइन पहचान बनाई थी।
अदालत ने गुओ को रैकेटियरिंग, धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर मामलों में दोषी पाया है। जांच में सामने आया कि उन्होंने 2018 से 2023 के बीच निवेश और क्रिप्टोकरेंसी योजनाओं के नाम पर हजारों लोगों से करीब 1 अरब डॉलर जुटाए।
अदालत का कहना है कि निवेशकों के पैसे का इस्तेमाल कारोबार के बजाय अपनी निजी जरूरतों और महंगी जीवनशैली पर किया गया, जिससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
जांच एजेंसियों के अनुसार, गुओ ने निवेशकों से जुटाए गए पैसों से 50,000 वर्ग फुट का आलीशान बंगला खरीदा। इसके अलावा, उन्होंने करीब 10 लाख डॉलर (लगभग 9.5 करोड़ रुपये) की लग्जरी लेम्बोर्गिनी कार और 3.7 करोड़ डॉलर (लगभग 350 करोड़ रुपये) कीमत की एक यॉट भी खरीदी।
हालांकि, गुओ ने अदालत में सभी आरोपों से इनकार किया और कहा कि यह धन उनके राजनीतिक अभियान और गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया गया था।
गुओ ने वर्ष 2017 में चीन छोड़कर अमेरिका में शरण ली थी। इससे पहले वह चीन में बड़े प्रॉपर्टी कारोबारी थे। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए चीन सरकार की आलोचना शुरू की और बड़ी संख्या में समर्थक बनाए।
अदालत ने माना कि उन्होंने अपने समर्थकों का भरोसा जीतकर उनसे धन जुटाया और उसका गलत इस्तेमाल किया। इसी मामले में अब उन्हें 30 साल की सजा सुनाई गई है।
