रायपुर, 05 जुलाई 2026/ Weather Alert: Weather alert…! Danger of heavy rain in many states for the next 5 days…IMD warning
Weather Alert : अगले 5 दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का एक स्पष्ट क्षेत्र मध्य भारत में दक्षिण पश्चिम मानसून को सक्रिय रखेगा।
इस मौसम प्रणाली से अगले 4 दिनों में गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के और हिस्सों में मानसून के आगे बढऩे में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
IMD ने कोंकण और गोवा, गुजरात (7 जुलाई तक), पुणे, नासिक और आस-पास के जिलों सहित मध्य महाराष्ट्र में (6 जुलाई तक), सौराष्ट्र और कच्छ, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है।
इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, केरलम, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भारी बारिश की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 3 दिनों में उत्तर ओडिशा और उत्तर छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे की उम्मीद है।
मौसमी मानसून ट्रफ भी सक्रिय है, जिससे देश के बड़े हिस्सों में व्यापक बारिश हो रही है। IMD ने भारी बारिश के कारण प्रभावित इलाकों में जल-जमाव, बाढ़, कम दृश्यता, ट्रैफिक में रुकावट, भूस्खलन, कमजोर ढांचों और खड़ी फसलों को नुकसान की चेतावनी दी है।
