Share This Article

रायपुर, 07 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / “Tree ATM: Free sapling distribution in Kondagaon” पर्यावरण संरक्षण और जिले में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से वनमंडल कोण्डागांव ने मंगलवार को जगदलपुर नाका चौक में निःशुल्क पौधा वितरण केंद्र का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण से जोड़ना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों को फलदार, छायादार और औषधीय पौधों का निःशुल्क वितरण किया तथा सभी से अपने घर, आंगन, खेत, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

पौधे लगाना ही नहीं, उनका संरक्षण भी जरूरी

     सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। वृक्ष हमें स्वच्छ हवा देने के साथ जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण भी किया जाए। उन्होंने प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया।

हरित वातावरण से बनेगा स्वस्थ समाज

     कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि हरित वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने नागरिकों से शासन के पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही जिले को अधिक हरित और स्वच्छ बनाया जा सकता है।

वन विभाग चला रहा है पौधा वितरण का व्यापक अभियान

    वनमंडलाधिकारी श्री चूड़ामणि सिंह ने बताया कि वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार वन विभाग जिले में पौधरोपण, निःशुल्क पौधा वितरण और पर्यावरण जागरूकता के लिए लगातार अभियान चला रहा है। निःशुल्क पौधा वितरण केंद्र के माध्यम से नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण अभियान से जुड़ सकें। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, श्री दीपेश अरोरा, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।