Share This Article

रायपुर, 8 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / “Kharun River: Water Hyacinth Turns Deadly, Over 20 Cattle Dead… Angry Villagers Block Road” रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र स्थित पठारीडीह गांव में मंगलवार को खारुन नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में फैली जलकुंभी के बीच फंसने से 20 से अधिक मवेशियों की मौत हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने नदी पर बने पुल पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिससे रायपुर, दुर्ग और बेमेतरा को जोडऩे वाले मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, खारुन नदी का बड़ा हिस्सा जलकुंभी से पूरी तरह ढका हुआ है। मंगलवार को गांव के मवेशी जलकुंभी को घास का मैदान समझकर नदी में उतर गए। लेकिन जलकुंभी के घने जाल में फंसने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और एक-एक कर उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और प्रशासन की लापरवाही का आरोप लगाते हुए पठारीडीह स्थित पुल पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते रायपुर, दुर्ग और बेमेतरा को जोडऩे वाले प्रमुख मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

ग्रामीणों ने खारुन नदी से जलकुंभी हटाने और नियमित सफाई अभियान चलाने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि खारुन नदी में बढ़ते प्रदूषण और जलकुंभी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है।

इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों द्वारा प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह दुखद घटना हुई, जिसमें 20 से अधिक बेजुबान मवेशियों की जान चली गई। उन्होंने मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नदी की तत्काल सफाई कर जलकुंभी हटाई जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।