Share This Article

रायपुर, 28 जुलाई 2026/ ETrendingIndia / रायपुर में 28 जुलाई को आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ के पहले स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट और नामचीन खिलाड़ी जुटेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देंगे, जबकि सात विषयों पर मंथन कर राज्य की नई खेल नीति और पदक रणनीति को दिशा देने की तैयारी होगी।

खेलों के विकास पर होगा बड़ा मंथन

रायपुर के कोर्टयार्ड-बाय-मैरियट होटल में आयोजित इस कॉन्क्लेव में प्रशिक्षण, प्रतिभा पहचान, स्पोर्ट्स साइंस, खेल अधोसंरचना, ओलंपिक विजन और खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य पर विस्तृत चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री देंगे पदक विजेताओं को सम्मान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करेंगे। वहीं उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव सुबह 11 बजे कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे।

दिग्गज खिलाड़ी और विशेषज्ञ होंगे शामिल

कॉन्क्लेव के अलग-अलग सत्रों में मुख्य वक्ता के रूप में ओलंपियन श्री जिन्सन जॉनसन, प्रख्यात शिक्षाविद एवं खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव श्री विक्रम सिसोदिया, हाई परफॉर्मेंस एनॉलिस्ट श्री रोनक कोठारी, पीईएफआई के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पियूष जैन और खेलो इंडिया के उप महानिदेशक श्री मयंक श्रीवास्तव अपने विचार साझा करेंगे।

इस दौरान राज्य की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सुश्री संजू देवी, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर सुश्री किरण पिस्दा, तैराक सुश्री अनुष्का भगत और एथलीट श्री लकी मरकाम उप मुख्यमंत्री के साथ मंच साझा करेंगे।

इन अहम विषयों पर होगी चर्चा

प्रतिभा पहचान और खेल नेतृत्व

विजन-2036 और ओलंपिक तैयारी

स्पोर्ट्स साइंस व चोट से रिकवरी

खेल महासंघों की भूमिका

पीपीपी मॉडल से खेल अधोसंरचना

खेलो इंडिया मिशन

छत्तीसगढ़ की पदक रणनीति और नई खेल नीति

खेलों में नई उड़ान की तैयारी

कॉन्क्लेव के निष्कर्षों के आधार पर राज्य में खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्था और अधोसंरचना को मजबूत करने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर मिल सकें।