रायपुर, 05 अगस्त 2026/ Players List : लंबे इंतजार के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात देते हुए 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने इस सूची का राजपत्र (गजट) में प्रकाशन कर दिया है। यह सूची छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्त करने की नीति-2007 के तहत अधिसूचित की गई है।
20 खेलों के 156 खिलाड़ियों को मिला स्थान
जारी सूची में 20 विभिन्न खेलों से जुड़े 156 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। अब इन खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवा में नियुक्ति का रास्ता खुल गया है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई थी मंजूरी
बताया गया कि 30 जून 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद सूची को राजपत्र में प्रकाशित करने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा गया।
2018-19 और 2019-20 के आवेदनों पर हुआ फैसला
उच्च स्तरीय समिति ने उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लंबित आवेदनों की समीक्षा की। सभी पात्रताओं और नियमों की जांच के बाद 156 खिलाड़ियों के चयन को अंतिम रूप दिया गया।
सरकारी नौकरी का मिलेगा लाभ
राजपत्र में अधिसूचना जारी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों को अब उत्कृष्ट खिलाड़ी नियुक्ति नीति-2007 के तहत शासकीय सेवा में नियुक्ति की प्रक्रिया का लाभ मिलेगा। इससे लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिली है।
