Share This Article

रायपुर, 09 अगस्त 2026/ Cancer Screening : जिला प्रशासन रायपुर की पहल ‘प्रोजेक्ट अभया’ के तहत 1400 से अधिक महिला कर्मचारियों और उनके परिजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य एवं कैंसर स्क्रीनिंग किया गया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में शुरू इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को समय पर बीमारी की पहचान और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

एक ही छत के नीचे कई जरूरी जांचें

सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित शिविर में ब्रेस्ट, सर्वाइकल और ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ मैमोग्राफी, पैप स्मीयर, सोनोग्राफी, टीबी जांच, बोन डेंसिटी, ईसीजी, इको, ब्लड टेस्ट, शुगर, HbA1c, Vitamin D3, B12, RFT और LFT जैसी जांचें की गईं।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दिया परामर्श

शिविर में स्त्री रोग, कैंसर, नेत्र, दंत, हृदय, किडनी, न्यूरोलॉजी, मानसिक स्वास्थ्य, गैस्ट्रो, अस्थि रोग, मेडिसिन सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने मरीजों को परामर्श दिया।

समय पर जांच, इलाज की राह आसान

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि महिलाएं अक्सर परिवार और कार्यालय की जिम्मेदारियों के चलते अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देती हैं। कैंसर समेत गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान होने से उपचार अधिक प्रभावी और आसान हो सकता है।

अब ब्लॉक स्तर तक पहुंचेगा ‘प्रोजेक्ट अभया’

जिला प्रशासन के अनुसार यह स्वास्थ्य जांच अभियान आने वाले दिनों में जिले के सभी ब्लॉकों तक विस्तारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिला कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य के साथ नशामुक्ति का संदेश

शिविर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। अधिकारियों ने इसे शासकीय कार्य के साथ कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।