Dengue Alert : भिलाई में डेंगू का एक मामला सामने आया… दुर्ग जिले में डेंगू नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम अलर्ट

Dengue Alert

Dengue Alert

Share This Article

रायपुर, 11 अगस्त 2026 / ETrendingIndia / वर्षा ऋतु में वेक्टर जनित बीमारियों, विशेषकर डेंगू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीमें रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सक्रिय हैं।

भिलाई के सेक्टर-7 में डेंगू का एक मामला सामने आने के बाद प्रभावित क्षेत्र में सघन अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मरीज को 4 अगस्त को बुखार की शिकायत के बाद श्री शंकराचार्य अस्पताल, जूनवानी में भर्ती कराया गया था। 8 अगस्त को एलिसा टेस्ट रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके बाद मरीज का तत्काल उपचार किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्तमान में मरीज की स्थिति सामान्य है और उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

घर-घर पहुंचकर लार्वा नष्ट करने का अभियान

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी के मार्गदर्शन तथा जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. रश्मि ग्लैड और जिला सर्वेलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे के नेतृत्व में प्रभावित क्षेत्र में नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है।

जनस्वास्थ्य विभाग, नगर निगम भिलाई और स्वास्थ्य विभाग दुर्ग की संयुक्त टीमें घर-घर पहुंचकर संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों की जांच कर रही हैं। कूलर, पानी की टंकियों और अन्य स्थानों पर जमा पानी में टेमिफास का उपयोग कर एडिज मच्छर के लार्वा को नष्ट किया जा रहा है।

इसके साथ ही वयस्क मच्छरों के नियंत्रण के लिए मैलाथियान का छिड़काव किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में सुबह 5 से 7 बजे और शाम 5 से 8 बजे के बीच फॉगिंग भी की जा रही है।

सप्ताह में एक दिन मनाएं ‘ड्राय डे’

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपने घर, छत और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि सप्ताह में कम से कम एक दिन ‘ड्राय डे’ मनाकर कूलर, पानी की टंकियों और ऐसे बर्तनों की सफाई करें, जिनमें पानी जमा हो सकता है।

पूरी बांह के कपड़े पहनने और मच्छरदानी का इस्तेमाल करने की सलाह

डेंगू से बचाव के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनने और मच्छरदानी का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यह भी कहा है कि बुखार या डेंगू से जुड़े लक्षण दिखाई देने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के स्वयं दवा न लें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।