PM MITRA Park, Dhar: Major investment of ₹1,200 crore in MP! Arvind Group to set up a unit at the PM MITRA Park; new employment opportunities for the youth.PM Mitra Park Dhar
Share This Article

रायपुर, 12 अगस्त 2026/ PM Mitra Park Dhar : मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार के मोर्चे पर बड़ी पहल सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुजरात के साथ मध्यप्रदेश के संबंधों को और मजबूत करते हुए अरविंद लिमिटेड मध्यप्रदेश में अपनी औद्योगिक इकाइयां स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप PM मित्र पार्क में अगले वर्ष तक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को गुजरात के अहमदाबाद में अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मुलाकात के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन औद्योगिक गतिविधियों से मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य को औद्योगिक विकास के साथ अतिरिक्त कर राजस्व भी प्राप्त होगा।

MP में 3 जगहों पर लगेंगी इकाइयां

अरविंद समूह द्वारा मध्यप्रदेश में तीन स्थानों पर इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। इनमें देवास के निकट बरलाई, धार स्थित PM मित्र पार्क और इंदौर का बेटमा शामिल है। कंपनी इन स्थानों के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी अपना काम विस्तार दे रही है।

PM मित्र पार्क में ₹1200 करोड़ का निवेश

अरविंद लिमिटेड द्वारा धार के PM मित्र पार्क में करीब ₹1200 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव है। इसके लिए कंपनी को 105 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। मुख्यमंत्री ने निवेश प्रक्रिया को तेजी देने और उद्योग की स्थापना के लिए जरूरी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने पर चर्चा की। इंदौर में संचालित पेपकोन प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंपनी के अनुबंध के तहत हर साल करीब 70 लाख परिधानों का निर्माण किया जाता है।

युवाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्सटाइल और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश बढ़ने से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। सरकार की ओर से उद्योगों को पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान, स्टांप एवं पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति, ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन और रिसर्च एंड डेवलपमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उद्योगों में पानी के पुनः उपयोग पर जोर

बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में जल के पुनः उपयोग और जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) व्यवस्था को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। प्रदेश में विकसित किए जा रहे 90 से अधिक औद्योगिक पार्कों में टेक्सटाइल, फार्मा और अन्य औद्योगिक क्लस्टरों में कॉमन ZLD सिस्टम की संभावनाओं पर विचार किया गया।

सिंहस्थ-2028 में हाईटेक कम्युनिकेशन नेटवर्क

सिंहस्थ-2028 के दौरान पुलिस, सुरक्षा बल, स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रबंधन और आयोजन व्यवस्था के लिए मिशन-क्रिटिकल कम्युनिकेशन नेटवर्क के इस्तेमाल की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

अरविंद लिमिटेड और जेएम बक्सी समूह के संयुक्त उद्यम आर्य ऑम्निटॉक सॉल्यूशंस द्वारा मिशन-क्रिटिकल वायरलेस कम्युनिकेशन, वॉकी-टॉकी नेटवर्क और सार्वजनिक सुरक्षा संचार समाधान उपलब्ध कराए जाते हैं।

GIS-2027 के लिए निवेशकों को न्योता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुलीन लालभाई को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करने के साथ ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS)-2027 में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

अरविंद लिमिटेड वर्ष 1931 में स्थापित देश के प्रमुख टेक्सटाइल समूहों में शामिल है। कंपनी डेनिम, परिधान, फैब्रिक्स और टेक्सटाइल वैल्यू चेन के क्षेत्र में काम करती है। समूह की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में 60 हजार से अधिक लोगों को रोजगार प्राप्त है।


Share This Article