ParliamentParliament
Share This Article

रायपुर, 12 अगस्त 2026/ ETrendingIndia /  संसद का मानसून सत्र शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ रहा है। नीट पेपर लीक, राम मंदिर दान विवाद और दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज समेत कुछ और मुद्दों पर विपक्ष और सत्ता पक्ष में लगातार खींचतान जारी है। इस बीच लोकसभा से 11 अहम विधेयक पारित हुए हैं। हालांकि, हंगामे के बीच इनमें से केवल 2 पर ही चर्चा हुई और 9 को बिना चर्चा के पारित कर दिया गया। बीते दिन यानी 11 अगस्त को विपक्ष के नारेबाजी के बीच लोकसभा से केरल का नाम बदलकर केरलम करने के उद्देश्य से लाए गए केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 को बिना किसी बहस के पारित कर दिया गया। केरल से जुड़ा विधेयक गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय द्वारा पेश किया गया था, जो ध्वनि मत से पारित हो गया। दूसरा विधेयक सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने पेश किया था।


संसद के दोनों सदनों में आज भी खूब हंगामा हुआ। इसके चलते राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इस पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, जब सदन काम नहीं करता तो मुझे बहुत दुख होता है।

उन्होंने देश में दूरगामी बदलाव लाने वाले विधेयकों पर सरकार और विपक्ष से आम सहमति बनाने की अपील की ताकि उन पर बहस हो सके।
मानसून सत्र में लोकसभा से जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल, कराधान एवं अन्य विधियां (संशोधन) विधेयक, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक, न्यायाधिकरण सुधार विधेयक, केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक पारित हुए हैं। केवल सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक और राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक पर ही चर्चा हो सकी।
संसद में हंगामे की सबसे बड़ी वजह प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन इस्तेमाल को लेकर है। विपक्ष इस मुद्दे पर गृह मंत्री अमित

शाह से जवाब मांग रहा है और उनकी लगातार संसद से गैरमौजूदगी को लेकर सवाल उठा रहा है।
इसके अलावा राम मंदिर दान विवाद, नीट पेपर लीक, एफसीआरए से जुड़े विधेयक, परिसीमन जैसे मुद्दों पर भी हंगामा हो रहा है। बीते 20 दिन से दोनों सदनों की कार्यवाही एक तरह से ठप है।


Share This Article