Rain Alert: Weather system active in the Bay of Bengal...! Heavy rain in several states, including MP and Chhattisgarh.Rain Alert
Share This Article

रायपुर, 13 अगस्त। Rain Alert : देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मध्य भारत और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने सक्रिय मौसम सिस्टम के प्रभाव से 13 से 18 अगस्त के बीच मध्य, पूर्वी और उत्तरी भारत में बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना सिस्टम मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल सकता है, जिससे कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

छत्तीसगढ़ में 13-14 अगस्त भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में 13 और 14 अगस्त को बहुत भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 18 अगस्त तक व्यापक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके चलते निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की स्थिति बन सकती है।

UP में 13 से 18 अगस्त तक एक्टिव रहेगा मानसून

उत्तर प्रदेश में 13 से 18 अगस्त के बीच मानसून की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से शुरू होकर बारिश मध्य और उससे सटे पश्चिमी हिस्सों तक फैल सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।

दिल्ली-NCR में 14 अगस्त तक बारिश

दिल्ली-NCR में 13 और 14 अगस्त को बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

MP, महाराष्ट्र और गुजरात में भी बारिश

पश्चिमी मध्य प्रदेश में 14 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है। 13 अगस्त और 16-17 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। विदर्भ में 13 से 17 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। वहीं, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी 13 से 18 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। गुजरात में 13 अगस्त को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।

हिमाचल में 313 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते बुधवार दोपहर तक 313 सड़कें, 65 जलापूर्ति योजनाएं और 112 ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हुए। मंडी में सबसे ज्यादा 117 सड़कें बंद हैं। राज्य में 18 अगस्त तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है।

ओडिशा में फिर बढ़ सकती है बाढ़ की चिंता

बंगाल की खाड़ी में नए कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा में 13 अगस्त तक कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश और 14 से 17 अगस्त के बीच भारी बारिश का अनुमान है। तेज हवाओं की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मछुआरों को 15 अगस्त तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

पूर्वोत्तर से दक्षिण भारत तक बारिश

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 13-18 अगस्त तक बारिश जारी रहने की संभावना है। 15-18 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में भी तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।

इन राज्यों में खास नजर

छत्तीसगढ़

मध्य प्रदेश

उत्तर प्रदेश

ओडिशा

पश्चिम बंगाल

हिमाचल प्रदेश

महाराष्ट्र

गुजरात

असम

मेघालय

अरुणाचल प्रदेश

कर्नाटक

केरल

तमिलनाडु


Share This Article