Kabirdham Traffic PoliceKabirdham Traffic Police
Share This Article

रायपुर, 18 अगस्त 2026 / ETrendingIndia / कबीरधाम यातायात पुलिस ने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकने और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पी.एम. स्वामी आत्मानंद स्कूल, दुर्गावती चौक में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।


पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम में यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक महेश्वर सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम उपस्थित रही। रक्षित निरीक्षक सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चलाने से होने वाले जोखिम, सड़क दुर्घटनाओं की संभावना और अभिभावकों की जिम्मेदारी के बारे में समझाइश दी।


विद्यार्थियों को बताया गया कि नाबालिग अवस्था में वाहन चलाना उनके जीवन के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है और कानूनन भी दंडनीय है। इस दौरान बच्चों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा बिना वैध लाइसेंस वाहन नहीं चलाने के लिए प्रेरित किया गया।


यातायात पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। बच्चों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक अभिभावक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।


कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य अशोक गुप्ता, नीलम यदु, श्रीमती नीलिमा जनार्दन, कल्प गंधर्व, जगदीश साहू, श्रीमती प्रतिमा झा, सुसाक्षी पाण्डे, आशीष चंद्रवंशी, राकेश साहू, इसकुमार, श्रीमती पुष्पलता टंडन सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कबीरधाम यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकें और स्वयं भी यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।


Share This Article