Share This Article रायपुर, 20 अगस्त 2026/ Sonamani Bora : नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के नए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कार्यभार संभालने के अगले ही दिन मंत्रालय में विभागीय अधिकारियों की मैराथन बैठक लेकर शहरी विकास और स्वच्छता से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कचरा पृथक्करण, स्वच्छता व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन और नालंदा परिसर सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त और CMO रोजाना करेंगे वार्डों का भ्रमण प्रमुख सचिव श्री बोरा ने सभी नगर निगमों के आयुक्तों तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपनी टीम के साथ रोजाना वार्डों का भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करने और विभागीय व्हाट्सऐप ग्रुप में भ्रमण के फोटोग्राफ साझा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ समय पर नागरिकों तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। घरों और बाजारों में कचरा पृथक्करण पर फोकस स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) की समीक्षा के दौरान श्री बोरा ने स्रोत पर ही कचरे के पृथक्करण को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा अलग-अलग करने की व्यवस्था को व्यवस्थित रूप से लागू करने के निर्देश दिए। चार डस्टबिन व्यवस्था, कचरे के उचित संग्रहण एवं प्रबंधन और नियमित निगरानी की भी समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने प्रमुख बाजारों में नियमित सफाई, समय पर कचरा उठाव और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे नियमित और सतत व्यवस्था के रूप में लागू किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत स्वीकृत और पूर्ण आवासों की घटकवार प्रगति की जानकारी ली गई। श्री बोरा ने पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ दिलाने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवास सहित सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। अमृत मिशन के कामों का मौके पर निरीक्षण करने के निर्देश अमृत मिशन के तहत नगरीय क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को केवल कार्यालयी रिपोर्ट पर निर्भर न रहने और नियमित रूप से मौके पर जाकर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का आकलन करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ नागरिकों को मिल रहे लाभ की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए। 38 नालंदा परिसरों का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश प्रमुख सचिव श्री बोरा ने राज्य की महत्वाकांक्षी योजना नालंदा परिसर-सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन के अंतर्गत निर्माणाधीन 38 नालंदा परिसरों की समीक्षा की। उन्होंने सभी परिसरों का नियमित निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि निर्माण पूरा होने तक लाइब्रेरी के लिए पुस्तकें, कंप्यूटर, पैनल, लाइब्रेरियन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं, ताकि विद्यार्थियों को परिसर शुरू होते ही सुविधाएं मिल सकें। पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं श्री बोरा ने रायपुर नगर निगम के आयुक्त को शहर के पर्यटन स्थलों का चिन्हांकन कर वहां शुद्ध पेयजल, शौचालय, डस्टबिन और पर्याप्त सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरों में अर्बन फॉरेस्ट्री विकसित करने और सार्वजनिक उद्यानों के पुनरुद्धार के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा। इसके लिए PPP मॉडल के माध्यम से फंड की व्यवस्था के विकल्प तलाशने के निर्देश भी दिए गए। नए क्षेत्रों में पेयजल, सफाई और हरियाली को प्राथमिकता नगरीय निकायों के परिसीमन के बाद शामिल हुए नए क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल, सफाई व्यवस्था, शहरी हरियाली और अर्बन एग्रीकल्चर को प्राथमिकता देते हुए योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पूर्व निर्मित हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की मरम्मत, स्लम रिडेवलपमेंट और EWS भूमि पर व्यावसायिक परियोजनाओं के नए विकल्प तलाशने पर भी जोर दिया गया। CM हेल्पलाइन और CPGRAMS की शिकायतों का समय पर निराकरण प्रमुख सचिव ने CM हेल्पलाइन और CPGRAMS पोर्टल से प्राप्त शिकायतों का पूर्ण निष्ठा और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जमीनी स्तर पर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने पर भी जोर दिया। Share This Article Post navigation Rakhi made of Vetiver : पानी की बूंद पड़ते ही महकेगी राखी…! खस से बनी अनोखी राखियों से भाइयों की कलाई पर बिखरेगी खुशबू रायपुर में ट्रैफिक सुधार और नशे के खिलाफ बड़ा अभियान…, 7 चौराहों पर लगेंगे सिग्नल