Atal Utkrisht Shiksha Yojana: A major boon for workers! ₹39.67 crore to be credited to the accounts of 1.45 lakh workers; 200 meritorious children to be honored.Atal Utkrisht Shiksha Yojana
Share This Article

रायपुर, 24 अगस्त 2026/ Atal Utkrisht Shiksha Yojana : छत्तीसगढ़ में निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित करने और श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहायता देने के लिए आज राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ के तहत 200 प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान होगा। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय श्रम विभाग की 18 कल्याणकारी योजनाओं के तहत 1 लाख 45 हजार 841 पंजीकृत श्रमिकों को 39 करोड़ 67 लाख रुपये की सहायता राशि DBT के जरिए सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे।

200 मेधावी बच्चों का होगा सम्मान

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की ओर से ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ के अंतर्गत श्रमिकों के मेधावी बच्चों का राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है।

समारोह में वर्ष 2025-26 में अध्ययनरत उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शैक्षणिक और खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसके अलावा वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में नवप्रवेशित 200 प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

CM साय करेंगे राशि का DBT

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय श्रम विभाग की 18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 1,45,841 पंजीकृत श्रमिकों को कुल 39.67 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित करेंगे। राशि का भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किया जाएगा। इससे श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधे आर्थिक लाभ मिलेगा।

रायपुर में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम

राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन 24 अगस्त को दोपहर 12 बजे रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर के पास किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन अतिविशिष्ट अतिथि और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

क्या है अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना?

‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों के प्रतिभावान बच्चों को शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

18 योजनाओं से श्रमिकों को मिलेगा लाभ

कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की 18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में पंजीकृत श्रमिकों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार के मुताबिक, कुल 1 लाख 45 हजार 841 श्रमिकों को 39 करोड़ 67 लाख रुपये की सहायता राशि DBT के माध्यम से उनके बैंक खातों में पहुंचाई जाएगी। इस पहल से बड़ी संख्या में श्रमिक परिवार सीधे लाभान्वित होंगे।


Share This Article