Nava Raipur Housing Project: Ground-breaking ceremony for a ₹119.89 crore housing project...! 348 houses to be built; 704 new flats also coming soon.Nava Raipur Housing Project
Share This Article

रायपुर, 26 अगस्त 2026/ Nava Raipur Housing Project : नवा रायपुर अटल नगर में घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सेक्टर-12 फेस-2 में 119.89 करोड़ रुपए की आवासीय परियोजना का भूमिपूजन किया। परियोजना के तहत HIG और MIG श्रेणी के 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा। वहीं, बढ़ती मांग को देखते हुए इसी सेक्टर में आगामी चरण में 704 नए फ्लैट भी बनाए जाएंगे।

बिना मांग के नहीं शुरू होगी नई आवासीय परियोजना

मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल को अब मांग आधारित परियोजनाओं पर फोकस करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना मांग के किसी स्थान पर नई आवासीय परियोजना शुरू नहीं की जाएगी। नई परियोजनाओं में 60 प्रतिशत बुकिंग होने अथवा पहले तीन माह में 30 प्रतिशत बुकिंग के बाद ही टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाने की नीति अपनाई जा रही है। इससे लंबे समय तक खाली रहने वाले मकानों की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

348 भवनों की कीमत 45.70 लाख से 85.17 लाख तक

सेक्टर-12 फेस-2 में शेष 29.20 एकड़ भूमि पर HIG और MIG श्रेणी के कुल 348 भवन बनाए जाएंगे। इनका बेस विक्रय मूल्य 45.70 लाख रुपए से 85.17 लाख रुपए तक निर्धारित किया गया है। वहीं आगामी चरण में 704 फ्लैट बनाए जाने हैं। इनमें:

  • 128 HIG फ्लैट
  • 320 MIG फ्लैट
  • 256 LIG फ्लैट

शामिल होंगे। इन आवासों का प्रस्तावित बेस विक्रय मूल्य 16.76 लाख से 40.47 लाख रुपए तक है।

हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनियों में गुणवत्ता पर जोर

मंत्री चौधरी ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार सरकारी SOR से बेहतर गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। टाइल्स, फिटिंग्स और रंग-रोगन सहित निर्माण के हर पहलू में बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि बेहतर सुविधाएं देने के लिए परियोजना लागत में 5 से 10 प्रतिशत तक वृद्धि भी होती है, तो इसे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने के नजरिए से देखा जाना चाहिए।

नवा रायपुर को देश की अग्रणी ग्रीनफील्ड सिटी बनाने पर जोर

मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर अटल नगर तेजी से देश की प्रमुख ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने बताया कि नवा रायपुर के करीब एक-तिहाई हिस्से को रिक्रिएशनल क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है और 28 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में हरियाली है।शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी क्षेत्र में भी नवा रायपुर में लगातार विस्तार हो रहा है। NIFT, NFSU, NIELIT, IIM, HNLU और IIIT जैसे संस्थानों के साथ AI डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर यूनिट जैसी परियोजनाएं शहर के विकास को नई दिशा दे रही हैं।

RWA मजबूत करने और समय पर कॉलोनी हैंडओवर के निर्देश

मंत्री ने हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनियों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के विकास और रखरखाव में सरकार के साथ रहवासियों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने सेक्टर-12 के रहवासियों से RWA का गठन कर कॉलोनी के रखरखाव में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही निर्माण की गुणवत्ता की निगरानी में हितग्राहियों से सहयोग करने को कहा।

नवा रायपुर में 704 नए फ्लैट की तैयारी

बढ़ती आवासीय मांग को देखते हुए हाउसिंग बोर्ड आगामी चरण में सेक्टर-12 फेस-2 में 704 नए फ्लैट बनाने की तैयारी में है। इससे अलग-अलग आय वर्ग के लोगों को नवा रायपुर में आवास का विकल्प मिलेगा।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पीपल का पौधा रोपा

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मंत्री ओ.पी. चौधरी और अन्य अतिथियों ने पीपल का पौधा रोपा। नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने के लिए पौधरोपण एवं पौधों के संरक्षण पर जोर दिया गया।


Share This Article