CG Education News: NMIMS campus to open in Naya Raipur; modern institute to be built on 40 acres, benefiting 10,000 students.CG Education News
Share This Article

रायपुर, 01 सितंबर। CG Education News : छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में संस्थान की स्थापना के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

40 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक कैंपस

NMIMS का कैंपस नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह जमीन 90 साल की लीज पर दी गई है।

राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को संस्थान के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। अब लीज और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कैंपस निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

2-3 साल में शुरू होगा पहला बैच

सरकार के मुताबिक, संस्थान की स्थापना की पूरी प्रक्रिया को आगामी सात वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। हालांकि विद्यार्थियों को इसका लाभ इससे पहले मिलने लगेगा। दो से तीन वर्षों के भीतर पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

कैंपस के पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।

युवाओं को मिलेंगे राष्ट्रीय स्तर के अवसर

NMIMS की स्थापना से छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को प्रबंधन, कौशल विकास और आधुनिक रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में उच्च स्तरीय शिक्षा के अवसर अपने ही राज्य में मिलेंगे। इससे युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बड़े महानगरों की ओर जाने की जरूरत भी कम होगी।

वहीं देश के दूसरे हिस्सों से भी विद्यार्थी नवा रायपुर आ सकेंगे, जिससे शहर में विविधतापूर्ण शैक्षणिक वातावरण विकसित होने की उम्मीद है।

नवा रायपुर बनेगा एजुकेशन और नॉलेज हब

राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक शहर के साथ एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने पर जोर दे रही है। NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की मौजूदगी से शिक्षा के साथ शोध, नवाचार, रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

संस्थान और उद्योग जगत के बीच सहयोग बढ़ने से प्रदेश के उभरते औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्रों के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिल सकती है। सरकार का मानना है कि NMIMS की स्थापना नवा रायपुर की राष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक पहचान को और मजबूत करेगी।


Share This Article