Strict rules for Durga Puja in BengalStrict rules for Durga Puja in Bengal
Share This Article

रायपुर, 08 सितंबर / ETrendingIndia / पश्चिम बंगाल में इस साल दुर्गा पूजा के दौरान कई नए नियम लागू होंगे। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने महाअष्टमी के दिन पूरे राज्य में शराब की बिक्री और बार में शराब पर रोक लगाने का ऐलान किया है। साथ ही पूजा और मूर्ति विसर्जन जुलूसों में DJ बजाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

सरकार ने पूजा की परंपरा, शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई अन्य निर्देश भी जारी किए हैं।

महाअष्टमी पर पूरी तरह ‘ड्राई डे’

महाअष्टमी के दिन पश्चिम बंगाल में सभी शराब दुकानें और बार बंद रहेंगे।

सरकार के मुताबिक, इस दिन कहीं भी शराब की बिक्री नहीं होगी। यह पहली बार है जब महाअष्टमी पर राज्यव्यापी शराब बिक्री पर पूर्ण रोक की घोषणा की गई है।

पूजा और विसर्जन में DJ पर रोक

दुर्गा पूजा के दौरान DJ म्यूजिक पर प्रतिबंध रहेगा। खास तौर पर मूर्ति विसर्जन के जुलूसों में DJ बजाने की अनुमति नहीं होगी। सरकार का उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखना है।

पंडाल की थीम पर भी रहेगी नजर

मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों से कहा है कि पंडाल, मूर्ति और थीम ऐसी होनी चाहिए जिससे सनातन परंपराओं और धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे। हालांकि थीम आधारित पंडाल बनाने की अनुमति रहेगी।

सड़कों और हाईवे को रोकने पर भी सख्ती

पूजा के नाम पर प्रमुख सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों को अनावश्यक रूप से बंद करने की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों को यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस बार नहीं होगा दुर्गा पूजा कार्निवल

सरकार ने पूजा के बाद होने वाले चर्चित दुर्गा पूजा कार्निवल को भी इस साल आयोजित नहीं करने का फैसला किया है।


Share This Article