PMAY-G CG: Funds recovered if house not built despite receiving installment! Administration gets tough on PM Awas Yojana.PMAY-G CG
Share This Article

रायपुर, 10 सितंबर 2026। PMAY-G CG : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण में लापरवाही बरतने वाले हितग्राहियों पर अब प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत अभनपुर में ऐसे मामलों की समीक्षा की गई, जिनमें हितग्राहियों को आवास निर्माण की किस्त मिल चुकी है, लेकिन कई महीनों बाद भी निर्माण शुरू नहीं हुआ या मकान अधूरा पड़ा है।

किस्त मिलने के बाद भी नहीं शुरू हुआ निर्माण

समीक्षा के दौरान उन हितग्राहियों के प्रकरण सामने आए, जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्माण के लिए राशि प्राप्त कर ली है। इसके बावजूद निर्धारित अवधि में आवास निर्माण की दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। प्रशासन ने ऐसे हितग्राहियों को अब तय समय-सीमा के भीतर आवास निर्माण पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

हितग्रियों की हुई पेशी, SDM ने दिए निर्देश

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभनपुर रवि सिंह ने संबंधित हितग्राहियों की पेशी लेकर उनके प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने हितग्रियों को निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान आवास निर्माण में देरी को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए हितग्रियों को जिम्मेदारी से कार्य पूरा करने के लिए कहा।

समय पर घर नहीं बना तो वापस होगी राशि

प्रशासन की ओर से सबसे अहम चेतावनी यह दी गई है कि यदि निर्धारित अवधि में आवास निर्माण पूरा नहीं किया गया, तो पहले से प्राप्त राशि की वसूली की कार्रवाई की जाएगी।

यानी योजना के तहत सरकारी सहायता मिलने के बाद भी निर्माण कार्य लंबित रखने वाले हितग्राहियों को अब समय-सीमा का पालन करना होगा।

आवास निर्माण की प्रगति पर प्रशासन की नजर

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का उद्देश्य जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। ऐसे में राशि जारी होने के बावजूद निर्माण शुरू नहीं होने या अधूरा रहने के मामलों की समीक्षा कर प्रशासन ने निगरानी तेज की है।

इस अवसर पर विकासखण्ड समन्वयक, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, अभनपुर भी उपस्थित रहे। प्रशासन की कार्रवाई से लंबित आवासों को समय पर पूरा कराने की दिशा में सख्ती का संकेत मिला है।


Share This Article