Share This Article बिलासपुर/रायपुर, 11 सितंबर 2026। Railway Archery Championship 2026 : पश्चिम बंगाल के चित्तरंजन में 7 से 9 सितंबर 2026 तक आयोजित 16वीं अखिल भारतीय रेलवे तीरंदाजी चैंपियनशिप 2026-27 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण और 3 कांस्य सहित कुल 5 पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 13 रेलवे जोन की पदक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया। 10 खिलाड़ियों ने लिया चैंपियनशिप में हिस्सा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से प्रतियोगिता में कुल 10 तीरंदाजों ने भाग लिया। इनमें 6 रिकर्व वर्ग के खिलाड़ी शामिल रहे, जिनमें 3 पुरुष और 3 महिला खिलाड़ी थे। वहीं कंपाउंड वर्ग में 1 पुरुष और 3 महिला तीरंदाजों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए रेलवे जोन का नाम रोशन किया। महिला रिकर्व टीम और मिक्स्ड टीम ने जीते गोल्ड महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में माधवी चौहान, मधु वेदवान और वितासा ठाकुर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम ने फाइनल मुकाबले में 5-3 सेट प्वाइंट से जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा मिश्रित रिकर्व टीम स्पर्धा में माधवी चौहान और पवन की जोड़ी ने भी फाइनल में 5-3 सेट प्वाइंट से जीत दर्ज कर दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। तीन स्पर्धाओं में कांस्य पदक पर कब्जा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के खिलाड़ियों ने तीन कांस्य पदक भी जीते। महिला व्यक्तिगत रिकर्व 70 मीटर ओवरऑल स्पर्धा में माधवी चौहान ने 640 अंक हासिल कर कांस्य पदक जीता। महिला व्यक्तिगत ओलंपिक राउंड में वितासा ठाकुर ने 6-4 सेट प्वाइंट से जीत दर्ज करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा में पवन, जसकीरत सेखों और शिवनाथ नागेशिया की टीम ने कांस्य पदक मुकाबले में 6-0 से शानदार जीत हासिल की। 13 रेलवे जोन में तीसरा स्थान, SECR के लिए गौरव की बात दो स्वर्ण और तीन कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में तीसरा स्थान हासिल करना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। खिलाड़ियों का प्रदर्शन उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन, खेल प्रतिभा और रेलवे स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्टता को दर्शाता है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्रीड़ा संघ (सेक्रसा) के पदाधिकारीगण और वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी राष्ट्रीय और उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। Share This Article Post navigation DMFT : नारायणपुर के 50 होनहारों को मिलेगी सफलता की नई उड़ान, फ्री PSC-व्यापम आवासीय कोचिंग सेंटर शुरू Malnutrition Anganwadi : कुपोषण पर बड़ा प्रहार, 13 हजार से ज्यादा स्कूली बच्चों को रोज मिलेगा मुफ्त पौष्टिक नाश्ता, आंगनबाड़ियों में लड्डू योजना शुरू