Share This Article नई दिल्ली, 17 सितंबर 2026। Putin Congratulates Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का खास संदेश सामने आया है। भारत में रूसी दूतावास ने पुतिन की ओर से भेजी गई बधाई साझा की है। अपने संदेश में रूसी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी की राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री को देशवासियों का गहरा सम्मान हासिल है और वैश्विक मंच पर भी उनका बड़ा रुतबा है। पुतिन ने मोदी के लिए क्या कहा? व्लादिमीर पुतिन ने अपने बधाई संदेश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और दोनों देशों के संबंधों में उनके योगदान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में पीएम मोदी के व्यक्तिगत योगदान को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। पुतिन ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत करना उनके लिए हमेशा खुशी की बात होती है। मोदी-पुतिन बातचीत का भी किया जिक्र रूसी राष्ट्रपति ने दोनों नेताओं के बीच होने वाली बातचीत को भी अपने संदेश में जगह दी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के साथ बातचीत ने एक बार फिर उनकी असाधारण राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता को साबित किया। पुतिन ने साथ ही कहा कि भारत और रूस महत्वपूर्ण द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर रचनात्मक सहयोग आगे भी जारी रखेंगे। हालिया भारत दौरे को याद कर जताया आभार पुतिन ने अपने हालिया नई दिल्ली दौरे का भी उल्लेख किया। उन्होंने भारत में रूसी प्रतिनिधिमंडल के स्वागत और मेहमाननवाजी के लिए आभार जताया। रूसी राष्ट्रपति के मुताबिक, दोनों देशों के बीच हुई बातचीत ठोस, खुली और सार्थक रही। उनके संदेश में भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दिखाई गई। मोदी के 76वें जन्मदिन पर देशभर में कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। उनके जन्मदिन के मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों में सेवा, रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बीजेपी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान अलग-अलग राज्यों में सामाजिक और सेवा गतिविधियों पर जोर दिया जा रहा है। जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’, दिल्ली में बड़ा कार्यक्रम पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील भी की गई है। गुजरात समेत कई जगहों पर दीप जलाने के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। वाराणसी और गुजरात के वडनगर से बाइक यात्राएं भी निकाली जा रही हैं। वहीं, दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी ‘सेमीकॉन इंडिया 2026’ का उद्घाटन करेंगे। इस तरह उनके जन्मदिन के मौके पर एक ओर देशभर में सेवा कार्यक्रम चल रहे हैं, तो दूसरी ओर रूस के राष्ट्रपति का संदेश भी सुर्खियों में है। Share This Article Post navigation PM Modi Birthday 2026 : 76वें जन्मदिन पर चर्चा में मोदी के बड़े रिकॉर्ड, 4399 दिन वाला रिकॉर्ड बना इतिहास