Delhi MetroDelhi Metro
Share This Article

रायपुर, 18 सितंबर 2026 / ETrendingIndia / दिल्ली-एनसीआर की जीवनरेखा कही जाने वाली दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों की आवाजाही के मामले में नया ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अनुसार, 17 सितंबर को मेट्रो नेटवर्क पर अब तक की सर्वाधिक दैनिक यात्री बोर्डिंग दर्ज की गई। इस दिन कुल 82 लाख 44 हजार 903 यात्रियों ने मेट्रो से सफर किया। इस नए आंकड़े के साथ दिल्ली मेट्रो ने सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

डीएमआरसी के अनुसार, इससे पहले सर्वाधिक दैनिक यात्री बोर्डिंग का रिकॉर्ड 8 अगस्त 2025 को दर्ज किया गया था। उस दिन 81 लाख 88 हजार 115 यात्रियों ने मेट्रो सेवा का उपयोग किया था। 17 सितंबर 2026 को मेट्रो ने इस पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान कायम किया।’


मेट्रो में यात्रियों की संख्या में इस अभूतपूर्व वृद्धि की प्रमुख वजह दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों की चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल रही। बसों के संचालन में व्यवधान के कारण राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया और बड़ी संख्या में यात्रियों ने आवागमन के लिए मेट्रो का रुख किया।


सड़कों पर बढ़ते यातायात दबाव और जाम से बचने के लिए भी लोगों ने मेट्रो को प्राथमिकता दी। यात्रियों की अचानक बढ़ी संख्या को देखते हुए डीएमआरसी ने 17 सितंबर को सामान्य दिनों की तुलना में 32 अतिरिक्त फेरे संचालित किए। अतिरिक्त फेरों के चलते यात्रियों को मेट्रो में अपेक्षाकृत सुगम आवागमन उपलब्ध कराने और स्टेशनों पर बढ़ी भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिली।


डीएमआरसी के संचार निदेशक अनुज दयाल ने कहा कि रिकॉर्ड संख्या में यात्री बोर्डिंग यह दर्शाती है कि दिल्ली मेट्रो शहर के सार्वजनिक परिवहन तंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। मेट्रो के माध्यम से लोग सड़क यातायात के दबाव और जाम से बचते हुए अपने कार्यस्थल, विद्यालय और अन्य गंतव्यों तक पहुंच रहे हैं।


डीएमआरसी ने इस उपलब्धि के लिए यात्रियों का आभार व्यक्त किया है। निगम ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती आबादी और यात्रा की बढ़ती मांग को देखते हुए मेट्रो की सेवाओं, तकनीक और बुनियादी ढांचे को लगातार उन्नत किया जा रहा है। निगम ने यात्रियों की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए मेट्रो नेटवर्क और सेवाओं को और बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।


Share This Article