air powerair power
Share This Article

रायपुर, 21सितंबर 2026 / ETrendingIndia / जोधपुर में भारत-जापान का संयुक्त हवाई अभ्यास ‘वीर गार्जियन-2026’ अंतिम चरण में पहुंच गया है। 9 से 22 सितंबर तक चल रहे इस 14 दिवसीय अभ्यास में भारतीय वायुसेना के तेजस, सुखोई-30 MKI और राफेल तथा जापान के F-2A लड़ाकू विमान उन्नत हवाई अभियानों का अभ्यास कर रहे हैं।

खास बात यह है कि जापानी लड़ाकू विमानों ने पहली बार भारतीय जमीन से इस अभ्यास में ऑपरेशन किया है।

युद्ध जैसी परिस्थितियों में अभ्यास

दोनों वायुसेनाएं मिशन प्लानिंग, हवाई अभियानों और अलग-अलग ऑपरेशनल गतिविधियों के जरिए युद्ध जैसी परिस्थितियों में तालमेल और रणनीतिक क्षमताओं को परख रही हैं। इंजीनियरिंग और एयरोस्पेस सुरक्षा से जुड़े विशेषज्ञ भी अनुभव साझा कर रहे हैं।

भारत में पहली बार जापानी F-2

‘वीर गार्जियन-2026’ में जापान के F-2A लड़ाकू विमानों का भारत में पहला संयुक्त प्रशिक्षण अभियान खास आकर्षण है।

इससे दोनों देशों की वायुसेनाओं को एक-दूसरे की संचालन प्रक्रियाओं और युद्धक तौर-तरीकों को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है।

दोनों वायुसेनाओं के प्रमुखों ने भी भरी उड़ान

अभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के प्रमुख जनरल ताकेहिरो मोरिता ने तेजस में उड़ान भरी।

जापानी वायुसेना प्रमुख की तेजस उड़ान को दोनों देशों के बढ़ते रक्षा सहयोग का महत्वपूर्ण संकेत माना गया।

2023 में जापान, अब भारत में अभ्यास

‘वीर गार्जियन’ का पहला संस्करण 2023 में जापान में हुआ था। उस समय भारतीय लड़ाकू विमानों ने जापान में अभ्यास किया था। 2026 का संस्करण दोनों देशों के बीच हवाई अभियानों में ऑपरेशनल तालमेल और रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर केंद्रित है।


Share This Article