Share This Article एची-नागोया, 25 सितंबर। Asian Games 2026: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने गुरुवार को मेजबान जापान को 50-25 से हराकर ग्रुप-ए में अपना अजेय अभियान पूरा किया। कप्तान पुष्पा राणा की अगुवाई वाली टीम ने ग्रुप चरण के तीनों मुकाबले जीते और शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत ने इससे पहले बांग्लादेश को 42-21 और ईरान को 37-23 से हराया था। पहले हाफ में भारत ने बनाया दबदबा जापान के खिलाफ भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। हाफ टाइम तक भारतीय टीम 32-13 से आगे थी। पहले हाफ में भारत ने लगातार रेड और मजबूत डिफेंस के जरिए जापान पर दबाव बनाए रखा और दो बार ऑलआउट करते हुए 19 अंकों की बढ़त हासिल की। दूसरे हाफ में भी कायम रही बढ़त दूसरे हाफ में जापान ने वापसी की कोशिश की और कुछ अंक जुटाए, लेकिन भारतीय टीम ने अपनी लय बरकरार रखी। भारत ने प्रभावी रेड और डिफेंसिव टैकल के जरिए जापान को ज्यादा मौके नहीं दिए। एक और ऑलआउट ने भारत की बढ़त को और मजबूत कर दिया और अंत में टीम ने 50-25 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। पुरुष टीम भी ग्रुप में रही अजेय भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने भी गुरुवार को अपने ग्रुप-ए के आखिरी मुकाबले में चीनी ताइपे को 37-21 से हराया। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप चरण के सभी चार मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम ने इससे पहले जापान, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश को हराया था। दोनों टीमों की नजर अब फाइनल पर महिला और पुरुष दोनों भारतीय टीमें पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी थीं। महिला टीम का सेमीफाइनल 25 सितंबर को नेपाल के खिलाफ निर्धारित है, जबकि पुरुष टीम का मुकाबला थाईलैंड से होना है। सेमीफाइनल में जीत दर्ज करने वाली टीमें 26 सितंबर को स्वर्ण पदक के लिए मैदान में उतरेंगी। Share This Article Post navigation एशियन गेम्स 2026 : भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का विजय रथ जारी, चीनी ताइपे को हराया Asian Games 2026 : भारत ने मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले में जीता सिल्वर, बहरीन ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ हासिल किया गोल्ड