Share This Article रायपुर, 07 अक्टूबर 2026 / ETrendingIndia / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार प्रमुख के रूप में 25 साल की निरंतर सेवा पूरी करने पर बुधवार को दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती की। उन्होंने एक्स पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘आज नई दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की। भगवान श्री गणेश से देशभर के अपने परिवारजनों की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। विघ्नहर्ता की कृपा से सबका कल्याण हो और देश निरंतर प्रगति करता रहे।’ मोदी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत 7 अक्टूबर, 2001 से की थी, जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। वहां उनका कार्यकाल 12 साल से अधिक समय तक चला, जिसके बाद वे भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बने और 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को बहुमत दिलाया। वर्ष 2001 से 2026 तक लगातार मोदी पहले एक राज्य और अब केंद्र में सरकार के प्रमुख के रूप में सेवा दे रहे हैं। भाजपा मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक महीने तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान चला रही है, जिसकी शुरुआत उनके जन्मदिन पर 17 सितंबर को हुई थी। इस अभियान में रक्तदान अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम, कल्याणकारी सहायता कार्यक्रम, प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सार्वजनिक सेवा पहल शामिल हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भी गुजरात से प्रधानमंत्री कार्यालय तक के उनके असाधारण सफर की सराहना की है। भाजपा देश के सभी राज्यों में बुधवार को कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है, जिनमें मशाल मार्च, मोटरसाइकिल और साइकिल रैलियां और प्रदर्शनियां शामिल हैं। यह सभी कार्यक्रम गुजरात से प्रधानमंत्री कार्यालय तक मोदी की यात्रा को उजागर करती हैं। दिल्ली में मुख्य सेवा ज्योति कार्यक्रम इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में होगा, जिसमें पूरे राज्य से भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। दिल्ली यातायात पुलिस ने इस संबंध में ट्रैफिक दिशानिर्देश और कुछ मार्ग-परिवर्तन जारी किए हैं। Share This Article Post navigation प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा के 25 साल पूरे होने पर नया नारा दिया, हम करके रहेंगे