Match-fixingMatch-fixing
Share This Article

रायपुर, 10 अक्टूबर 2026। ETrendingIndia / हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एचएनएलयू), रायपुर के विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाते हुए चौथी स्पोर्ट्स आर्बिट्रेशन मूट अवॉर्ड प्रतियोगिता 2026–27 में विजेता का खिताब हासिल किया है।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विश्वविद्यालय की चार सदस्यीय टीम को 1,000 यूरो की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। विजेता टीम में माही अग्रवाल, सिया गुप्ता, अंबाती नुपुर राव और अथर्व शर्मा शामिल हैं।

स्पोर्ट्स आर्बिट्रेशन मूट अवॉर्ड प्रतियोगिता खेल कानून और मध्यस्थता के क्षेत्र में समकालीन कानूनी चुनौतियों पर केंद्रित एक अंतरराष्ट्रीय अकादमिक प्रतियोगिता है।

इससे संबंधित स्पोर्ट्स आर्बिट्रेशन मूट का आयोजन मई 2026 में स्पेन की राजधानी मैड्रिड में किया गया था, जिसमें दुनिया भर के विश्वविद्यालयों की 76 टीमों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पेशेवर परिस्थितियों के अनुरूप खेल कानून और मध्यस्थता से जुड़े जटिल विवादों का विश्लेषण करने तथा कानूनी तर्क प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

इस वर्ष प्रतियोगिता का मुख्य विषय फुटबॉल मैच में मैच-फिक्सिंग से संबंधित कानूनी विवाद था। प्रतिभागियों को खेल पंचाट न्यायालय (कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट, सीएएस) के समक्ष एक काल्पनिक न्यायिक कार्यवाही के अनुरूप पक्ष प्रस्तुत करना था।

इस दौरान खेल नियमों, मध्यस्थता के सिद्धांतों, अनुशासनात्मक कार्यवाही तथा खेल प्रतियोगिताओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता से जुड़े विभिन्न कानूनी पहलुओं का विश्लेषण किया गया।

प्रतियोगिता के दौरान एचएनएलयू की टीम ने कानूनी शोध, विश्लेषणात्मक क्षमता, लिखित प्रस्तुतियों और मौखिक दलीलों के क्षेत्र में प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

टीम की सफलता खेल मध्यस्थता से जुड़े जटिल कानूनी प्रश्नों की समझ और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रभावी पक्ष प्रस्तुत करने की उसकी क्षमता को रेखांकित करती है।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एचएनएलयू के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) वी. सी. विवेकानंदन ने कहा कि यह सफलता राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय की बढ़ती उत्कृष्टता को और मजबूत करती है।


Share This Article