PMPM
Share This Article

कोरिया 16 अक्टूबर 2026। PM : कभी बारिश के दिनों में मुख्य मार्ग से संपर्क टूट जाता था। मरीजों को खाट पर लादकर सड़क तक पहुंचाना पड़ता था और बच्चों की पढ़ाई से लेकर कृषि उपज बेचने तक में कठिनाइयां आती थीं। अब प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनी पक्की सड़क ने बचरा पोड़ी तहसील के ग्राम पंचायत करवां की ठग्गांव और दुर्गा नगर बसाहटों के लोगों की राह आसान कर दी है। यहां रहने वाले विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के 165 लोगों को हर मौसम में आवागमन की सुविधा मिल रही है।

छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण की परियोजना क्रियान्वयन इकाई, बैकुण्ठपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत वर्ष 2023-24 के द्वितीय चरण में करवां से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क तक संपर्क मार्ग का निर्माण किया गया है। बैकुण्ठपुर विकासखण्ड की बचरा पोड़ी तहसील में स्थित इस सड़क की लंबाई 6.60 किलोमीटर है। इसका निर्माण 339.16 लाख रुपए की लागत से किया गया है।

सड़क बनने से ग्रामीणों की राशन, बाजार, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी सुविधाओं तक पहुंच बेहतर हुई है। पहले बरसात में आवागमन बाधित होने से दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो जाता था। अब पक्की सड़क से गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क बना रहता है और ग्रामीणों को आने-जाने में सुविधा हो रही है।

इस बदलाव का विशेष लाभ मरीजों और गर्भवती महिलाओं को मिला है। पहले मरीजों को मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए परिजनों को खाट का सहारा लेना पड़ता था। अब महतारी एक्सप्रेस और एम्बुलेंस गांव के पारे-मोहल्लों तक पहुंच रही हैं, जिससे उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों तक जाना सुगम हुआ है।

बच्चों और युवाओं के लिए भी शिक्षा की राह आसान हुई है। छात्र-छात्राओं को आने-जाने की सुविधा बढ़ने से आगे की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिल रही है। बेहतर संपर्क से खेल गतिविधियों में भाग लेने के अवसर भी बढ़े हैं।

पक्की सड़क ने किसानों और वनोपज संग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में सहूलियत दी है। ग्रामीण अब धान, सब्जी, फल और वनोपज को मंडियों तथा बड़े बाजारों तक आसानी से ले जा पा रहे हैं। इससे कृषि, व्यापार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को गति मिली है।

प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पहुंचविहीन जनजातीय बसाहटों को मुख्य मार्गों से जोड़ने की पहल करवां क्षेत्र में बदलाव का माध्यम बनी है। ठग्गांव और दुर्गा नगर के ग्रामीणों के लिए यह सड़क शिक्षा, उपचार, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच की नई राह बन गई है।


Share This Article