Share This Article रायपुर – 20 अक्टूबर, 2026 / ETrendingIndia / भारतीय रेल द्वारा देश में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार, यात्री सुविधाओं में वृद्धि तथा आधुनिक रेल अवसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। इसी क्रम में आज 20 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में दो महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं का उद्घाटन तथा नई यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुँचेगी, जो दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। कार्यक्रम के दौरान ताड़ोकी–रावघाट रेल लाइन एवं अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही रावघाट–रायपुर एवं रायपुर–कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का आयोजन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा। रेल मंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। रायपुर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं श्रीमती रूपकुमारी चौधरी तथा विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा, श्री सुनील सोनी, श्री राजेश मूणत एवं श्री मोती लाल साहू तथा रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। वहीं, रावघाट स्टेशन पर सांसद श्री भोजराज नाग, विधायक श्री विक्रम उसेंडी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक पहुँचेगी रेल दल्लीराझरा एवं रावघाट के मध्य ₹1,628 करोड़ की लागत से 95 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का कार्य पूर्ण हो गया है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य पूरा होने के साथ ही इस परियोजना का कार्य पूर्ण हुआ है। रावघाट तक रेल संपर्क स्थापित होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को रेल परिवहन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए अवसरों तक उनकी पहुँच आसान होगी। लौह अयस्क परिवहन इस रेल लाइन से क्षेत्र की औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। विशेष रूप से रावघाट क्षेत्र के लौह अयस्क के परिवहन तथा भिलाई इस्पात संयंत्र सहित देश के इस्पात उद्योग की आवश्यकताओं को पूरा करने में रेल संपर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज लाइन से यात्री सुविधाओं का विस्तार केन्द्री–धमतरी एवं अभनपुर–राजिम गेज परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत अभनपुर से राजिम के मध्य कार्य पूर्ण होने के बाद यात्री सेवाएँ प्रारंभ की जा चुकी हैं। वहीं, अभनपुर–धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत अभनपुर–कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस परियोजना के शेष कुरूद–धमतरी सेक्शन में कार्य प्रगति पर है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज लाइन के उद्घाटन से क्षेत्र में रेल संपर्क का विस्तार होगा और यात्रियों को राजधानी रायपुर तक आवागमन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे क्षेत्रीय विकास, व्यापार तथा दैनिक आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा। रावघाट–रायपुर एवं रायपुर–कुरूद यात्री रेल सेवाओं से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी भारतीय रेल नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर यात्री सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में रावघाट–रायपुर एवं रायपुर–कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ किया जा रहा है। इन सेवाओं से रावघाट एवं कुरूद से रायपुर तक सीधी रेल यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी। रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास किया जाएगा। इस सुविधा के विकसित होने से भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी। भारतीय रेल की इन पहलों से छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार होगा, दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी तथा औद्योगिक, कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। Share This Article Post navigation टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी मामले में तीन आरोपी कोटा में गिरफ्तार, जयपुर से दिल्ली और फिर नेपाल भागने की थी योजना मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की समय-सारणी निर्धारित…! प्रारूप मतदाता सूची 12 नवंबर को होगी प्रकाशित, 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति