Police Commemoration Day 2026Police Commemoration Day 2026
Share This Article

रायपुर, 21 अक्टूबर 2026। Police Commemoration Day 2026 :छत्तीसगढ़ में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। राजधानी रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों के त्याग और पराक्रम का परिणाम है। उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित करते हुए कहा कि उनके कल्याण और सम्मान के लिए राज्य सरकार सदैव प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों के परिजनों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन जवानों की वीरता को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

उन्होंने 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों का सामना करते हुए शहीद हुए 10 पुलिस जवानों की शौर्यगाथा का भी स्मरण किया। इसी बलिदान की स्मृति में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

नक्सलवाद के खिलाफ जवानों के साहस को किया नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने नक्सलवाद के लंबे संघर्ष के बाद शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। इस अभियान में छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (DRG), बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों की भूमिका अहम रही है। दुर्गम जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों के बीच जवानों ने साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर में शांति और विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करता है।

बस्तर में विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर के जिन क्षेत्रों में पहले हिंसा और भय का माहौल था, वहां अब सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। दूरस्थ गांवों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने नियद नेल्लानार योजना, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा और विकास के समन्वित प्रयासों से दूरस्थ एवं वंचित जनजातीय क्षेत्रों में बदलाव की नई संभावनाएं बन रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब शांति को स्थायी बनाना और विकास की गति तेज करना सरकार की प्राथमिकता है।

पुलिस आधुनिकीकरण और शहीद परिवारों के कल्याण पर प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को आधुनिक तकनीक, संसाधन और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ जवानों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने शहीद परिवारों के त्याग, धैर्य और साहस को भी अतुलनीय बताया और भरोसा दिलाया कि सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में छत्तीसगढ़ पुलिस के कई जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। वहीं, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने बताया कि इसी अवधि में छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की नक्सल विरोधी कार्रवाइयों में 84 नक्सली मारे गए तथा छत्तीसगढ़ पुलिस के छह जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राण गंवाए।

शहीद वाटिका में भी अर्पित किए श्रद्धासुमन

पुलिस स्मृति दिवस के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका पहुंचे। यहां उन्होंने अमर जवान स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी और शहीद जवानों के परिजन उपस्थित रहे।


Share This Article