Share This Article रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। President Droupadi Murmu CG Visit 2026 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंच गई हैं। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री और सांसद मौजूद रहे। राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी और पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद वह बस्तर पहुंचकर मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी और बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार में हिस्सा लेंगी। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने किया स्वागत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रायपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मंत्री विजय शर्मा, खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी और श्याम बिहारी जायसवाल सहित सांसद विजय बघेल भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रदेश में उत्साह का माहौल है। उनके कार्यक्रमों में सामाजिक, सांस्कृतिक और जनजातीय परंपराओं से जुड़े आयोजन प्रमुख रहेंगे। आज जारी करेंगी 200 रुपये का स्मारक सिक्का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वह पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद शाम 4 बजे रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इस दौरान राष्ट्रपति सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कल मां दंतेश्वरी मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना राष्ट्रपति अपने दौरे के दूसरे दिन बस्तर जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार एवं सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। उनके इस दौरे को बस्तर की सांस्कृतिक परंपराओं और जनजातीय समाज के साथ संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। CM विष्णु देव साय बोले- छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य की बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति के आगमन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने राष्ट्रपति का प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, राष्ट्रपति रायपुर में स्मारक सिक्का जारी करने के बाद बस्तर प्रवास करेंगी और वहां आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। बस्तर दौरे को लेकर उप मुख्यमंत्री और मंत्री ने जताई खुशी उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि पहले छत्तीसगढ़ के आदिवासी प्रतिनिधियों को राष्ट्रपति निवास पर आमंत्रित किया गया था। उनके सम्मान में भोज आयोजित किया गया था, जहां राष्ट्रपति ने स्वयं उन्हें भोजन परोसा। विजय शर्मा के अनुसार, 64 लोगों के सम्मान के दौरान प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति से बस्तर आने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि माओवाद के प्रभाव में कमी के बाद बस्तर आने का निमंत्रण दिया गया और मुरिया दरबार में शामिल होने का निर्णय उसी समय लिया गया था। राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगी। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी राष्ट्रपति के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के प्रभाव में कमी के बीच राष्ट्रपति का दौरा प्रदेश के लिए खुशी का अवसर है। उनके अनुसार, विभिन्न कार्यक्रमों में राष्ट्रपति की भागीदारी छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण रहेगी। Share This Article Post navigation कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में 12 दिन पहले शुरू हुआ सफारी सत्र