Devi LokDevi Lok
Share This Article

रायपुर, 26 अक्टूबर 2026 / ETrendingIndia / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आने वाले समय में नलखेड़ा में बन रहा मां बगलामुखी देवी लोक आस्था, अध्यात्म, श्रद्धा, अनुभव और धार्मिक पर्यटन का एक बड़ा केन्द्र बनकर उभरेगा।

उन्होंने कहा कि देश-दुनिया से नलखेड़ा आने वाले श्रद्धालुओं को अब यहां विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को आगर-मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा क्षेत्र के नलखेड़ा में विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर परिसर में प्रस्तावित भव्य देवी लोक परियोजना का भूमि-पूजन किया।

मुख्यमंत्री ने पहले मां बगलामुखी मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए, विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

उन्होंने भव्य देवी लोक परियोजना के प्रथम चरण के कार्यों का भूमि-पूजन कर शुभारंभ किया।

अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री तथा आगर-मालवा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, विधायक श्री भैरव सिंह बापू एवं पूर्व विधायक श्री राणा विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मां बगलामुखी देवी की तस्वीर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नलखेड़ा में 85.40 करोड़ रुपए लागत के मां बगलामुखी देवी लोक का भूमि-पूजन हुआ है। यहां की महिमा अद्भुत है। मां सभी की मनोकामनाएँ पूरी करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नलखेड़ा के मार्ग में आने वाली पुलिया और सड़क को आवश्यकतानुसार चौड़ा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आमला से नलखेड़ा तक 55 करोड़ रूपए से अधिक की लागत से लगभग 14 किमी लंबा एक नया बायपास भी बनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि लखुंदर नदी पर श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए 13.77 करोड़ की लागत से एक नया और विशाल उच्च स्तरीय पुल भी बनाया जा रहा है।

इस स्थान की सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी भी मजबूत की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा बैजनाथ का भी भव्य-दिव्य धाम बन रहा है। मां बगलामुखी का धाम भी ऐसा ही भव्य बनेगा।

14 धार्मिक स्थलों को दिव्यलोक बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के 14 से अधिक धार्मिक स्थलों को दिव्यलोक बनाने का संकल्प लिया है।

इसमें श्रीराम की नगरी ओरछा, उज्जैन में महाकाल लोक, ओंकारेश्वर में एकात्म धाम, चित्रकूट धाम भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि नलखेड़ा में लखुंदर नदी के तटों पर सुंदर और भव्य घाट बनाए जाएंगे।

यहां पूरे परिसर और पार्किंग क्षेत्र का विस्तार होगा। साफ-सुथरे शौचालय, पक्की सड़कें और अतिथियों के लिए भवन भी बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए धर्मशालाओं में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इस साल किसानों को सोयाबीन की उपज पर लगभग 7000 रुपए प्रति क्विंटल का मूल्य मिलेगा।


Share This Article