Share This Article

रायपुर, 3 नवंबर 2026। CG Rojyostav : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का आज भव्य समापन होने जा रहा है। समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हैं। इस आयोजन में प्रदेश की कला, संस्कृति और उपलब्धियों के साथ छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।

रायपुर में पांच घंटे का रहेगा अमित शाह का कार्यक्रम

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रायपुर प्रवास के दौरान करीब पांच घंटे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे। इसके बाद नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन में विकसित भारत संकल्प पार्क का उद्घाटन करेंगे।

शाम 6 से 8 बजे तक राज्योत्सव समारोह

अमित शाह शाम को नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे। यहां शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का औपचारिक समापन होगा।

प्रदेश की प्रतिभाओं को मिलेगा राज्य अलंकरण

समारोह के दौरान कला, संस्कृति, समाजसेवा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली छत्तीसगढ़ की विभूतियों को राज्य अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान प्रदेश के लिए विशिष्ट योगदान देने वाले लोगों के कार्यों को पहचान देने के उद्देश्य से प्रदान किया जाएगा।

पंडवानी और लोकसंगीत से सजेगी सांस्कृतिक शाम

राज्योत्सव की अंतिम शाम छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति के नाम रहेगी। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की प्रस्तुतियां देंगे। पद्मश्री उषा बारले अपनी प्रसिद्ध पंडवानी शैली से दर्शकों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगी।

रात 9 बजे के बाद अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद मशहूर पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी संगीत प्रस्तुति देंगे। रात 9 बजे के बाद होने वाला उनका कार्यक्रम राज्योत्सव की शाम का प्रमुख आकर्षण रहेगा। तीन दिनों तक चले आयोजन का समापन संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगा।


Share This Article
Advertisement Carousel