Share This Article कोरबा, 6 नवंबर 2026। Paddy Procurement : रबी सीजन 2026-27 में किसानों को रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता आसान बनाने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए कोरबा जिले में नई व्यवस्था लागू की गई है। अब किसान ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (FFS) सॉफ्टवेयर के माध्यम से मोबाइल ऐप पर खाद की प्री-बुकिंग कर ई-टोकन प्राप्त कर सकेंगे। टोकन का QR कोड स्कैन होने के बाद ही संबंधित दुकान से खाद का वितरण किया जाएगा। मोबाइल ऐप से घर बैठे होगी खाद की बुकिंग नई व्यवस्था के तहत किसान आधार कार्ड या फार्मर आईडी की मदद से FFS ऐप में लॉगिन कर सकते हैं। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। किसान घर बैठे यूरिया, DAP और अन्य उर्वरकों के लिए प्री-बुकिंग कर ई-टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद संबंधित खाद दुकान पर जाकर टोकन का QR कोड स्कैन कराना होगा। 48 घंटे के भीतर कराना होगा QR कोड स्कैन खाद की बुकिंग करने के बाद किसानों को 48 घंटे के भीतर संबंधित दुकान पर पहुंचकर QR कोड स्कैन कराना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय में QR कोड स्कैन नहीं कराने पर बुकिंग अपने आप निरस्त हो जाएगी। जिन किसानों को मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन बनाने में परेशानी होगी, वे कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से भी टोकन प्राप्त कर सकते हैं। यूरिया से लेकर NPK तक की बिक्री पर रहेगी डिजिटल निगरानी FFS सॉफ्टवेयर के माध्यम से खाद विक्रेताओं के स्टॉक, उर्वरक की प्राप्ति, रोजाना बिक्री और बची हुई मात्रा का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसमें यूरिया, DAP, SSP, MOP, NPK सहित अन्य उर्वरकों की जानकारी दर्ज होगी। इससे कृषि विभाग के अधिकारी खाद की मांग, आपूर्ति और वितरण की नियमित निगरानी कर सकेंगे। नई व्यवस्था का उद्देश्य कालाबाजारी रोकना और किसानों को उचित मूल्य पर समय पर खाद उपलब्ध कराना है। कृषि विभाग और समितियों को दिया गया प्रशिक्षण जिले में नई व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए कृषि विभाग और सहकारी समितियों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मोबाइल ऐप के माध्यम से किसानों को ई-टोकन जारी किए गए हैं। नई प्रक्रिया से खाद प्राप्त करने वाले किसानों ने इसे सुविधाजनक बताया है। कृषि विभाग की ओर से गांवों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। किसानों से ऐप के जरिए ही बुकिंग करने की अपील उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों से FFS ऐप के माध्यम से ही खाद की बुकिंग और खरीदी करने की अपील की है। ऐप पर टोकन बनाने या बुकिंग के दौरान किसी प्रकार की समस्या आने पर किसान अपने नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय या सहकारी समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं। Share This Article Post navigation लंबित इंसेंटिव को लेकर सीएचओ का प्रदर्शन, स्वास्थ्य भवन का किया घेराव