Share This Article कोरबा, 6 नवंबर 2026। QR Code Fertilizer Distribution : रबी सीजन 2026-27 में किसानों को यूरिया, DAP और अन्य रासायनिक उर्वरक आसानी से उपलब्ध कराने के लिए कोरबा जिले में नई व्यवस्था लागू की गई है। अब किसान ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (FFS) सॉफ्टवेयर के माध्यम से मोबाइल ऐप पर खाद की प्री-बुकिंग कर ई-टोकन प्राप्त कर सकेंगे। संबंधित दुकान से खाद लेने के लिए टोकन का QR कोड स्कैन कराना अनिवार्य होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य खाद वितरण में पारदर्शिता लाना और कालाबाजारी पर रोक लगाना है। आधार कार्ड या फार्मर आईडी से कर सकेंगे लॉगिन नई व्यवस्था के तहत किसान आधार कार्ड या फार्मर आईडी की मदद से FFS मोबाइल ऐप में लॉगिन कर सकते हैं। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। किसान घर बैठे यूरिया, DAP सहित अन्य उर्वरकों की प्री-बुकिंग कर ई-टोकन प्राप्त कर सकेंगे। बुकिंग के बाद किसान को संबंधित खाद दुकान पर पहुंचकर अपने टोकन का QR कोड स्कैन कराना होगा। इसके बाद ही दुकान से खाद का वितरण किया जाएगा। 48 घंटे में QR कोड स्कैन नहीं कराया तो रद्द होगी बुकिंग खाद की प्री-बुकिंग करने के बाद किसानों को 48 घंटे के भीतर संबंधित दुकान पर पहुंचकर QR कोड स्कैन कराना होगा। तय समय में कोड स्कैन नहीं कराने पर बुकिंग अपने आप निरस्त हो जाएगी। जिन किसानों को मोबाइल ऐप से ई-टोकन बनाने में परेशानी होती है, वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से भी टोकन प्राप्त कर सकते हैं। खाद के स्टॉक और बिक्री का डिजिटल रिकॉर्ड FFS सॉफ्टवेयर के जरिए खाद विक्रेताओं के पास उपलब्ध स्टॉक, उर्वरकों की प्राप्ति, प्रतिदिन की बिक्री और शेष मात्रा का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसमें यूरिया, DAP, SSP, MOP, NPK सहित अन्य उर्वरकों की जानकारी दर्ज होगी। इस व्यवस्था से कृषि विभाग के अधिकारी खाद की मांग, आपूर्ति और वितरण की नियमित निगरानी कर सकेंगे। इससे खाद की उपलब्धता पर नजर रखने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी। कृषि विभाग और सहकारी समितियों को दिया गया प्रशिक्षण नई व्यवस्था को जिले में सुचारू रूप से लागू करने के लिए कृषि विभाग और सहकारी समितियों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। शुक्रवार को मोबाइल ऐप के माध्यम से किसानों को ई-टोकन जारी किए गए। नई प्रक्रिया के तहत खाद प्राप्त करने वाले किसानों ने इसे सुविधाजनक बताया है। कृषि विभाग की ओर से गांवों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किसान इस डिजिटल व्यवस्था का उपयोग कर सकें। किसानों से FFS ऐप के जरिए बुकिंग करने की अपील उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों से FFS ऐप के माध्यम से ही खाद की बुकिंग और खरीदी करने की अपील की है। ऐप पर टोकन बनाने या बुकिंग के दौरान किसी तरह की समस्या आने पर किसान नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय अथवा सहकारी समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं। Share This Article Post navigation मक्का उत्पादन में आएगी क्रांति…! अगले 10 साल में 7.5 करोड़ टन का लक्ष्य, किसानों की कमाई बढ़ाने पर जोर